Rajasthan News: जयपुर के अजमेर रोड स्थित 200 फीट बाईपास पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अपने पति और तीन बच्चों को खोने वाली कैलाशी देवी के परिवार के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मदद का हाथ बढ़ाया है. उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा देते हुए इलाज, आर्थिक मदद, आवास और बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने का आश्वासन दिया.
परिवार से फोन पर की बात
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मृतक के बड़े भाई मीठालाल से फोन पर बात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में परिवार अकेला नहीं है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि कैलाशी देवी का इलाज पूरी तरह नि:शुल्क कराया जाएगा. इसके अलावा एक निजी अस्पताल (अनंता मेडिकल कॉलेज) के सहयोग से उनके भरण-पोषण के लिए हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जो आजीवन जारी रहेगी. उन्होंने यह भी कहा कि जनसहयोग से पीड़ित परिवार के लिए एक पक्का मकान बनवाया जाएगा, ताकि परिवार को भविष्य में रहने की चिंता न रहे.
मुख्यमंत्री भजनलाल से की बातचीत
घटना की जानकारी मिलने के बाद ओम बिरला ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से फोन पर बात की. उन्होंने राजसमंद के विधायक को पीड़ित परिवार के पैतृक गांव भेजने तथा जिला कलेक्टर को घायल महिला के इलाज और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देने को कहा.
राज्य सरकार देगी 10 लाख रुपये
ओम बिरला ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार और समाज मिलकर परिवार को इस कठिन समय से उबारने का प्रयास करेंगे.
दो बच्चों की पढ़ाई और भविष्य की जिम्मेदारी भी ली
बातचीत के दौरान यह जानकारी सामने आई कि हादसे के समय परिवार के 2 अन्य बच्चे घर पर थे, जिनमें एक दिव्यांग है. इस पर ओम बिरला ने दोनों बच्चों की पढ़ाई, पालन-पोषण और भविष्य की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा. साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि राहत और पुनर्वास से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं.
ये भी पढ़ें: PM मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों को दिया भारत में निवेश का न्योता, CECA समझौता जल्द पूरा करने पर जोर



