Monday, May 18, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentदिल्ली हाई कोर्ट में हनी सिंह का यू-टर्न, कहा- विवादित और अश्लील...

दिल्ली हाई कोर्ट में हनी सिंह का यू-टर्न, कहा- विवादित और अश्लील गाना मैंने कभी नहीं गाया

Honey Singh Volume 1 song controversy : नयी दिल्ली। रैपर और गायक यो यो हनी सिंह ने दिल्ली हाई कोर्ट में बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उन्होंने साल 2006 में रिलीज हुए विवादित और कथित तौर पर “अश्लील” गीत वॉल्यूम1 को कभी नहीं गाया। यह गीत कथित रूप से हनी सिंह और बादशाह के बैंड ‘माफिया मुंडीर’ के तहत जारी किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान हनी सिंह के वकील ने अदालत से कहा कि यह उनके मुवक्किल के लिए “कलंक मिटाने” का समय है। उन्होंने कहा कि हनी सिंह पहले भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर चुके हैं कि इस गाने से उनका कोई संबंध नहीं है और अब वे अदालत की मदद से इस सामग्री को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाना चाहते हैं। दिल्ली हाई कोर्ट हिंदू शक्ति दल की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें विवादित गाने को यूट्यूब और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि यह गीत अश्लील और आपत्तिजनक है, जिसे लाखों लोग देख चुके हैं।

मैंने वॉल्यूम 1 नहीं गाया : हनी सिंह

वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि इस गीत से संबंधित कार्यवाही नागपुर की एक अदालत में भी उनके मुवक्किल के खिलाफ लंबित है, जहां गायक ने इसी तरह का रुख अपनाया है। वकील ने याचिकाकर्ता के इस दावे का भी खंडन किया कि सिंह ने 1 मार्च 2025 को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में इस गीत की कुछ पंक्तियां गाई थीं। उन्होंने कहा, ऐसा कुछ नहीं हुआ था। मैंने गीत नहीं गाया। अगर 50,000 से अधिक लोगों की बैठने की क्षमता वाले स्टेडियम में ऐसा कुछ हुआ होता, तो उसका कोई न कोई वीडियो क्लिप जरूर होता।

अदालत ने इसे एक गंभीर मामला करार देते हुए, सिंह से कहा कि वह अपना पक्ष रखते हुए एक हलफनामा दाखिल करें। न्यायाधीश ने याचिका की सुनवाई 19 मई के लिए सूचीबद्ध कर दी। उच्च न्यायालय ने याचिकाकर्ता से गायक बादशाह को नोटिस तामील कराने के संबंध में हलफनामा दाखिल करने को भी कहा। अदालत ने दो अप्रैल को, हनी सिंह और बादशाह द्वारा कथित तौर पर 2006 में जारी किए गए ‘‘अश्लील’’ और ‘‘अपमानजनक’’ गीत पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह गीत शिष्टता के न्यूनतम मानकों की घोर अवहेलना करता है, और इसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटाने का निर्देश दिया।

हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस

उच्च न्यायालय ने उल्लेख किया कि यह गीत, जिसे 2006 में कथित तौर पर दोनों गायकों द्वारा ‘माफिया मुंडीर’ के तहत जारी किया गया था, विभिन्न उपयोगकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया और इसे लाखों लोगों ने देखा है। अदालत ने दोनों गायकों को नोटिस जारी किया। याचिकाकर्ता ने कहा कि 2006-2007 में हनी सिंह और बादशाह ने आपत्तिजनक और अश्लील गीत को गुपचुप तरीके से रिलीज किया था। याचिका में कहा गया कि बड़ी संख्या में प्रशंसकों वाला सेलिब्रिटी होने के नाते, हनी सिंह और बादशाह को इस गीत की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। याचिका में, यूट्यूब और स्पॉटीफाई से गीत को हटाने के लिए निर्देश देने का अदालत से अनुरोध किया गया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular