नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। यदि 26 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। वैभव सबसे कम उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।
घरेलू क्रिकेट और IPL में मचाया धमाल
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ महीनों में अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है। आईपीएल 2026 में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की खूब चर्चा रही। इसके बाद श्रीलंका में आयोजित ट्राई सीरीज के फाइनल में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने केवल 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर नया रिकॉर्ड भी बनाया। इसी शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय टीम में चयन के रूप में मिला है।
यह खबर भी पढ़ें:-विमेंस T20 वर्ल्ड कप: भारत की राह मुश्किल, सेमीफाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश को हराना जरूरी
डेब्यू करते ही टूट सकता है सचिन का रिकॉर्ड
भारतीय टीम 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां 1 जुलाई से पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। अगर बेलफास्ट में होने वाले पहले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू कैप मिलती है, तो वह सबसे कम उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे।
इंग्लैंड दौरे पर मिलेंगी विशेष सुविधाएं
ब्रिटिश अखबार द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी की उम्र 16 वर्ष से कम होने के कारण इंग्लैंड दौरे पर उनके लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। आईसीसी के नियमों और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की सुरक्षा नीति के तहत 16 साल से कम उम्र के खिलाड़ी वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ चेंजिंग रूम साझा नहीं कर सकते। इसलिए प्रत्येक मैच स्थल पर उनके लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी।
माता-पिता भी रहेंगे साथ
वैभव की कम उम्र को देखते हुए उनके माता-पिता भी पूरे दौरे के दौरान उनके साथ रहेंगे। वे भारतीय टीम के साथ ही होटल में ठहरेंगे। यह व्यवस्था खिलाड़ी की सुरक्षा और देखभाल को ध्यान में रखते हुए की गई है।
यह खबर भी पढ़ें:-IPL 2027 Transfer Window: KKR और RR ने हार्दिक पंड्या को अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाई
भारत में नहीं है ऐसा नियम
ईसीबी ने स्पष्ट किया है कि यह आईसीसी प्रतियोगिता है, इसलिए सुरक्षा संबंधी सभी नियम आईसीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार लागू होंगे। साथ ही ईसीबी की ‘सेफ हैंड्स’ पॉलिसी का भी पालन किया जाएगा। इंग्लैंड में 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों के लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था सामान्य प्रक्रिया है। हालांकि भारत में ऐसा कोई नियम लागू नहीं है। यही वजह है कि आईपीएल के दौरान वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के अन्य खिलाड़ियों के साथ सामान्य चेंजिंग रूम और टीम सुविधाओं का उपयोग कर चुके हैं।
क्रिकेट जगत की निगाहें वैभव पर
आक्रामक बल्लेबाजी और बेखौफ अंदाज के कारण वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें 26 जून को होने वाले मुकाबले पर हैं, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला मौका मिल सकता है।



