Wednesday, July 15, 2026
HomeIndiaअरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड से भारी तबाही: कई घर क्षतिग्रस्त,...

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड से भारी तबाही: कई घर क्षतिग्रस्त, राहत-बचाव अभियान जारी

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के केयी पानयोर क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधीक्षक अंगद मेहता के अनुसार, मृतक महिला की पहचान 35 वर्षीय नीरमला गुप्ता के रूप में हुई है, जो विवेकानंद केंद्र विद्यालय (VKV) में शिक्षिका थीं। उनका शव खोज और बचाव अभियान के दौरान बरामद किया गया। वे NEEPCO प्रोजेक्ट कॉलोनी के पास पूसा क्षेत्र में रहती थीं। राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलु ने बताया कि तेज बहाव में पांच लोग बह गए थे। इनमें नीरमला गुप्ता के अलावा एलेश मराक (13), बालारी मराक (30), ताओ अंजिना (46) और सौरव कुमार शामिल हैं। बाकी चार लोगों की तलाश अभी भी जारी है।

18 घर क्षतिग्रस्त, कई घायल

भारी बारिश के चलते एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई, जिससे कॉलोनी के निचले इलाकों में पानी भर गया। इस हादसे में कम से कम 18 घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, 17 घायल लोगों का इलाज जीरो अस्पताल में चल रहा है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

राहत-बचाव अभियान जारी

जिला पुलिस, SDRF और अन्य आपदा प्रबंधन टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। याजली जलाशय से एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाला गया है। इसके अलावा भूस्खलन प्रभावित नेशनल हाईवे-13 पर फंसे GSI के एक वैज्ञानिक को भी रेस्क्यू किया गया। डैम के बीच फंसे एक व्यक्ति और उसके पालतू कुत्ते को भी सुरक्षित बचा लिया गया। बुधवार रात अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, लेकिन गुरुवार सुबह से लापता लोगों की तलाश फिर शुरू कर दी गई है।

सड़क संपर्क प्रभावित, कई जिले कटे

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे-13 समेत कई प्रमुख सड़कें बाधित हो गई हैं। पोटिन और होज के पास तीन स्थानों पर बड़े भूस्खलन हुए हैं। इसके चलते केयी पानयोर, क्रा दादी, कुरुंग कुमे, लोअर सुबनसिरी, कामले और अपर सुबनसिरी जिले सड़क संपर्क से कट गए हैं। BRO (Border Roads Organisation) की टीमें सड़कें बहाल करने में जुटी हुई हैं।

वायुसेना और NDRF भी अलर्ट

राहत कार्यों को तेज करने के लिए भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है। SDRF के जवानों और रबर बोट को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को भी अलर्ट पर रखा गया है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पूर्व सैनिकों को राहत कार्यों में लगाया गया है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image