Women’s T20 : विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की सेमीफाइनल की राह अब पहले से ज्यादा कठिन हो गई है। मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में उसकी पहली हार दी। इस नतीजे के बाद ग्रुप-A की अंक तालिका और सेमीफाइनल की रेस पूरी तरह रोमांचक हो गई है।भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रन बनाए थे, लेकिन साउथ अफ्रीका ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया। हार के बाद भारत के लिए अब हर मुकाबला करो या मरो जैसा हो गया है।
मौजूदा अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 8 अंकों के साथ शीर्ष पर है। भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश अभी भी सेमीफाइनल की दौड़ में बने हुए हैं। वहीं पाकिस्तान, नीदरलैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।भारतीय टीम को अब अपने दोनों बचे मुकाबले जीतने होंगे। भारत 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा। अगर टीम इंडिया दोनों मैच जीतती है तो उसके 8 अंक हो जाएंगे। इसके बाद सेमीफाइनल का फैसला नेट रन रेट और अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर करेगा।
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया लगातार चार जीत के साथ सेमीफाइनल के बेहद करीब है। टीम का नेट रन रेट भी सबसे बेहतर है। वहीं साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के पास भी अंतिम चार में पहुंचने का मौका बना हुआ है।ग्रुप-B में इंग्लैंड सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रहा है। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीत लिए हैं और 6 अंकों के साथ शीर्ष पर है। वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका भी सेमीफाइनल की रेस में बनी हुई हैं।अब भारत के लिए अगला हर मैच फाइनल जैसा है। एक और हार टीम इंडिया के सेमीफाइनल के सपनों को बड़ा झटका दे सकती है।



