Sunday, November 1, 2026
HomeIndiaईरान पर हमले को लेकर ट्रंप का बयान, बोले- ‘मैं क्या बताकर...

ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप का बयान, बोले- ‘मैं क्या बताकर हमला करूंगा?’

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते को लेकर कहा कि अमेरिका को जल्दबाजी नहीं है। अगले सप्ताह फिर युद्ध शुरू होने के सवाल पर उन्होंने जवाब देने से इनकार किया। ईरान के सर्वोच्च नेता ने भी सेना को किसी खतरे का तत्काल जवाब देने का निर्देश दिया है।

नई दिल्ली। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित समझौते और दोबारा सैन्य कार्रवाई को लेकर कहा है कि अमेरिका को किसी समझौते की जल्दबाजी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि अगले सप्ताह ईरान के खिलाफ फिर से युद्ध शुरू हो सकता है या नहीं। पत्रकारों के सवाल पर ट्रंप ने कहा, “मान लीजिए कि मैं ऐसा करने वाला हूं, तो क्या आपको बताऊंगा?”

ट्रंप ने शनिवार, 31 अक्टूबर को फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित अपने मार-ए-लागो क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमलों में ईरान की नौसेना, वायुसेना और एयर डिफेंस सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचा है।

यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान के 7 पुलिस अधिकारियों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, RPS प्रेम कुमार भी शामिल

‘समझौते की कोई खास जल्दी नहीं’

ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी हमलों में ईरान के प्रमुख सैन्य उपकरणों और कई विनिर्माण इकाइयों को तबाह कर दिया गया है। उनके मुताबिक, परमाणु ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को समझौते की खास जल्दी नहीं है, क्योंकि ईरान की नौसेना और वायुसेना को नुकसान पहुंचाया जा चुका है। ट्रंप ने दावा किया कि अब एक या दो ठिकानों पर कार्रवाई बाकी है और इसे महज 10 मिनट में पूरा किया जा सकता है। ये दावे ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में किए हैं।

अगले सप्ताह फिर शुरू हो सकता है युद्ध?

पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या अगले सप्ताह अमेरिका ईरान के खिलाफ फिर से युद्ध शुरू कर सकता है। इस पर उन्होंने सीधे जवाब देने से इनकार कर दिया। ट्रंप ने कहा, “अगर मैं ऐसा करने वाला हूं, तो क्या आपको बताऊंगा? और अगर ऐसा नहीं करने वाला हूं, तो क्या वह बताऊंगा? मैं आपको कुछ नहीं बता सकता।” ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार, ईरान पहले समझौता करता है और फिर उससे पीछे हट जाता है।

ईरान के सर्वोच्च नेता ने सेना को दिया जवाबी कार्रवाई का निर्देश

ट्रंप का बयान ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के उस निर्देश के कुछ घंटे बाद आया, जिसमें उन्होंने देश की सशस्त्र सेनाओं को किसी भी खतरे का तत्काल जवाब देने को कहा था। खामेनेई ने अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को भी हमले की जद में रखने का निर्देश दिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में अमेरिका और इजरायल के हमलों से शुरू हुए युद्ध में मोजतबा के पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस बीच मध्यस्थ युद्ध को दोबारा शुरू होने से रोकने के प्रयास कर रहे हैं।

यह खबर भी पढ़ें:-दिवाली से पहले जयपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, 19 किलो LPG के दाम ₹9.50 बढ़े

ब्राजील के बोल्सोनारो का भी किया समर्थन

पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने ब्राजील के सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद अमेरिका आए बोल्सोनारो जब तक चाहें, वहां रह सकते हैं। ट्रंप ने ब्राजील के चुनाव को शर्मनाक बताते हुए आरोप लगाया कि बोल्सोनारो के साथ अनुचित व्यवहार किया गया है।

पूर्व वकील से जुड़े अनुबंध पर भी बोले ट्रंप

ट्रंप ने अपनी पूर्व वकील अलीना हब्बा मिल्डन से जुड़े 5 करोड़ डॉलर से अधिक के अनुबंध को भी अस्वीकार्य बताया। यह अनुबंध वेनेजुएला के एक बैंकर के परिवार से जुड़ा था, जिसे बाद में ट्रंप ने माफी दी थी। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने हब्बा मिल्डन को स्पष्ट कर दिया था कि वह इस मामले में उन्हें भुगतान किए जाने के पक्ष में नहीं हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image