Peddi Massa Massa Song : मुंबई। साउथ सुपरस्टार राम चरण (Ram Charan) एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी ब्लॉकबस्टर मूवी ‘पेद्दि’ (Peddi) इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और इसके हर अपडेट पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं। इस फिल्म में राम चरण के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर (Janhvi Kapoor) और अनुभवी अभिनेता जगपति बाबू (Jagpati Babu) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था और अब फिल्म का नया रिलीज हुआ है।
‘पेद्दि’ का नया गाना ‘मास्सा मास्सा’ रिलीज
साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘पेद्दि’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के ट्रेलर और अब तक रिलीज हुए गानों को शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इसी कड़ी में मेकर्स ने फिल्म का नया गीत ‘मास्सा मास्सा’ रिलीज कर दिया है, जो आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। इससे पहले ‘चिकिरी चिकिरी’, ‘राई राई रा रा’ और ‘हेल्लाल्लाल्लो’ जैसे गानों ने दर्शकों का दिल जीता था। अब ‘मास्सा मास्सा’ ने फिल्म को लेकर उत्सुकता को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है।
गाने में राम चरण के दमदार ट्रांसफॉर्मेशन की शानदार झलक देखने को मिलती है। इसमें वह पेद्दि पहलवान के किरदार में पूरी ताकत और जुनून के साथ नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि गाने में फिल्म के प्रभावशाली दृश्यों के साथ-साथ कई बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) मोमेंट्स भी शामिल किए गए हैं, जो इस किरदार के लिए राम चरण की कड़ी मेहनत, कठिन फिजिकल ट्रेनिंग और समर्पण को बखूबी दर्शाते हैं।
संगीत के जादूगर ए. आर. रहमान के शानदार कंपोजिशन, रकीब आलम के प्रभावशाली बोल और नितेश अहेर की दमदार आवाज ने ‘मास्सा मास्सा’ को एक हाई-एनर्जी और जोश से भरपूर गीत बना दिया है। गाने का संगीत, विजुअल्स और राम चरण का अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है, जिससे फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
जानिए कब रिलीज होगी ये मूवी
राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दि’ को लेकर लंबे समय से चर्चाओं का बाजार गर्म है। फिल्म की रिलीज डेट में कई बार बदलाव किए गए, लेकिन अब आखिरकार यह बड़े पर्दे पर आने के लिए पूरी तरह तैयार है। मेकर्स ने घोषणा की है कि ‘पेद्दि’ 4 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत राम चरण का अनोखा और चुनौतीपूर्ण किरदार है। वह फिल्म में तीन अलग-अलग एथलीट अवतारों- एक क्रिकेटर, एक धावक (रनर) और एक पहलवान (रेसलर) के रूप में नजर आएंगे। इन तीनों रूपों की झलक पहले ही फिल्म के पोस्टर्स, टीजर और गानों में देखने को मिल चुकी है, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। फिल्म में राम चरण एक क्रॉसओवर एथलीट का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी प्रेरणा खेल जगत के उन दिग्गज खिलाड़ियों के सफर से ली गई है जिन्होंने अपने शुरुआती दिनों में अलग-अलग खेलों में हाथ आजमाया था। कहानी में इसी संघर्ष, जुनून और सफलता के सफर को बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में पेश किया जाएगा।
तकनीकी मोर्चे पर भी ‘पेद्दि’ बेहद मजबूत नजर आती है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि शानदार सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी आर. रथनावेलु ने संभाली है। अविनाश कोल्ला ने प्रोडक्शन डिजाइन और नवीन नूली ने एडिटिंग का काम किया है। वहीं वी. वाई. प्रवीण कुमार फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी इस फिल्म में राम चरण के अलावा जाह्नवी कपूर, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी जैसे दमदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। शानदार स्टारकास्ट, दमदार कहानी और भव्य प्रस्तुति के चलते ‘पेद्दि’ को साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।



