Tamil Nadu Politics : चेन्नई। सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) ने मुख्यमंत्री बनने के बाद सोमवार को अपने पूर्ववर्ती और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन से उनके चेन्नई स्थित आवास पर मुलाकात की। राजनीतिक गलियारों में चर्चा बटोर रही इस मुलाकात को सूत्रों ने शिष्टाचार भेंट बताया है। विजय, स्टालिन के अलवरपेट स्थित निवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच विधानसभा चुनाव के बाद पहली मुलाकात हुई। तमिलनाडु की राजनीति में यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेट्ट्री कड़गम (टीवीके) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 234 सीटों पर विधानसभा में 108 सीटों पर जीत दर्ज की है।
रविवार को आयोजित भव्य समारोह में विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनकी जीत के साथ ही राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। करीब 60 वर्षों में यह पहला मौका है जब तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के अलावा किसी अन्य दल की सरकार बनी है।
दोनों नेताओं ने किया अभिवादन
मीडिया के साथ साझा की गई मुलाकात की तस्वीरों में विजय काले रंग के सूट पहले हुए, DMK प्रमुख का हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्टालिन ने भी उसी अंदाज में उनका अभिवादन स्वीकार किया।
तमिलनाडु में गठबंधन सरकार
विजय कांग्रेस और अन्य पार्टियों की मदद से नई सरकार बनाने में सफल रहे। उन्होंने बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए जितने भी नंबर जुटा सके, उन्हें एक साथ मिला लिया। 4 मई को नतीजों के बाद के कई दिनों तक ऐसा लग रहा था कि तमिलनाडु में सरकार बनाने को लेकर एक लंबी लड़ाई छिड़ सकती है, क्योंकि कई गठबंधन मैदान में थे और तरह-तरह के कयास भी लगाए जा रहे थे।
स्टालिन ने दी विजय को बधाई
आज मुलाकात से पहले ही स्टालिन ने विजय को बधाई दी थी। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने उत्तराधिकारी से कहा कि वे राज्य की आर्थिक स्थिति के लिए पिछली सरकार पर दोष न डालें। इसके बजाय, स्टालिन ने कहा कि लोगों से किए गए वादों को पूरा करना सुनिश्चित करें।



