NEET Student Suicide : अहिल्यानगर। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां नीट-यूजी परीक्षा में अपेक्षा से कम अंक आने के बाद 19 वर्षीय छात्रा अंकिता सांगले ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं के बढ़ते मानसिक दबाव और विद्यार्थियों पर पड़ने वाले भावनात्मक प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कम अंकों से आहत छात्रा ने दी जान
पुलिस के अनुसार, कर्जत तहसील के जलालपुर गांव की रहने वाली अंकिता सांगले ने 25 जुलाई को अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। अंकिता ने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और डॉक्टर बनने का सपना लेकर नीट-यूजी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पेपर लीक विवाद के बाद 21 जून को आयोजित पुनर्परीक्षा में भी उसने हिस्सा लिया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पत्र में अंकिता ने लिखा कि नीट-यूजी में कम अंक आने के कारण वह बेहद निराश और मानसिक रूप से परेशान थी। इसी हताशा में उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया। पुलिस ने बताया कि मामले में दुर्घटना से हुई मौत (एडीआर) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी अन्य पहलू से भी जांच से इनकार नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि इस वर्ष 3 मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक विवाद के कारण चर्चा में रही थी। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की थी, जबकि परिणाम 16 जुलाई को घोषित किए गए थे।



