Share Market Update Today : मुंबई। पांच कारोबारी सत्रों की लगातार गिरावट के बाद सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने दमदार वापसी की। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट से निवेशकों का भरोसा लौटा। बीएसई सेंसेक्स 776.01 अंक उछलकर 76,835.78 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 228.50 अंकों की बढ़त के साथ 23,995.95 पर पहुंच गया।

इन कंपनियों के शेयरों में आई जबरदस्त तेजी
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इटर्नल का शेयर सबसे अधिक 5.70 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी तरफ, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 9.40 प्रतिशत टूटकर 87.64 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में हमलों पर विराम लगने से आयात लागत और महंगाई बढ़ने की आशंकाएं कम हुई हैं। इससे बाजार में तेजी देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के साथ दीर्घकालीन बॉन्ड प्रतिफल में कमी से भी टिकाऊ समाधान को लेकर निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,892.77 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
लेमन मार्केट्स डेस्क के विश्लेषक गौरव गर्ग के अनुसार, लगातार पांच कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार को मजबूती के साथ वापसी की। बाजार में चौतरफा लिवाली और वैश्विक स्तर पर बेहतर होते माहौल से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। ईरान-अमेरिका के बीच तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिससे भारत में महंगाई को लेकर चिंताएं भी कम हुई हैं।
छोटी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स 1.71 प्रतिशत और मझोली कंपनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 2,091.68 अंक यानी 2.67 प्रतिशत नुकसान में रहा जबकि निफ्टी में 566.85 अंक यानी 2.32 प्रतिशत की गिरावट आई।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख रहा। वहीं अमेरिकी बाजार में शुक्रवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए। इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 331.62 अंक टूटकर 76,059.77 अंक और निफ्टी 102.15 अंक फिसलकर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ था।



