Stock Market Today: घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को मजबूत शुरुआत की. IT कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 480.95 अंक की छलांग लगाकर 77,656.56 अंक पर पहुंच गया. वहीं एनएसई निफ्टी 125.05 अंक बढ़कर 24,201 अंक पर कारोबार करता दिखा.
किन शेयर में फायदा और नुकसान ?
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर करीब 3 प्रतिशत तक चढ़ गया. इसके अलावा इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS),एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई. वहीं दूसरी ओर सन फार्मा, भारती एयरटेल, ट्रेंट और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर नुकसान में रहे.
आईटी शेयरों में तेजी का असर सेक्टोरल इंडेक्स पर भी देखने को मिला. बीएसई आईटी इंडेक्स करीब 1.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 28,189.45 अंक पर कारोबार कर रहा था.
वैश्विक बाजारों का मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225,चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. वहीं अमेरिकी शेयर बाजार गुरुवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे. इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.85 प्रतिशत बढ़कर 84.95 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
शेयर बाजार के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) गुरुवार को भी शुद्ध बिकवाल रहे.उन्होंने 4,205.56 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की.
गौरतलब है कि गुरुवार को कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 5.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,072.75 अंक पर बंद हुआ था.
ये भी पढ़ें: क्या लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा का आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मैच होगा ? कोच ने बताई पूरी सच्चाई



