IPL 2026, GT vs SRH: गुजरात टाइटंस ने मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हरा दिया. हालांकि मैच के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस से एक बड़ी चूक हो गई, जिसके चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.

आईपीएल की ओर से बयान में कही गई ये बात
आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी. IPL आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह टीम का मौजूदा सीजन में पहला अपराध था, इसलिए कप्तान पैट कमिंस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया.
सनराइजर्स हैदराबाद की करारी हार
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए. जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम सिर्फ 86 रन पर ढेर हो गई. गुजरात की ओर से कैगिसो रबाडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 28 रन देकर 3 विकेट झटके. वहीं जैसन होल्डर ने भी 20 रन देकर 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.

प्वॉइंट टेबल में टॉप पहुंची गुजरात टाइटंस
इस बड़ी जीत के साथ गुजरात टाइटंस 12 मैचों में 16 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 12 मैचों में 14 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है. गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू 11 मैचों में 14 अंक के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: एन. रंगासामी ने पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, ए. नमस्सिवायम और मल्लाडी कृष्णा राव बने मंत्री



