Puducherry CM Oath: वरिष्ठ नेता और ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के संस्थापक एन. रंगासामी ने पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को शपथ ली. उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और वरिष्ठ नेता बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे.
दो मंत्रियों ने भी ली शपथ
एन. रंगासामी के अलावा क्षेत्रीय पार्टी (एआईएनआरसी) नेता मल्लाडी कृष्णा राव और भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता ए. नमस्सिवायम ने भी एआईएनआरसी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार में मंत्री पद की शपथ ली. राव ने तेलुगु भाषा में शपथ ली और वह यानम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. यानम, आंध्र प्रदेश में स्थित पुडुचेरी का क्षेत्र है.
विधानसभा चुनाव में AINRC ने जीती 12 सीटें
एन. रंगासामी ने पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में पांचवीं बार सत्ता संभाली है. 9 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में AINRC ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 12 पर जीत हासिल क. वहीं सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी ने 10 सीटों पर चुनाव लड़कर 4 सीटें अपने नाम कीं. इसके अलावा AIADMK और लाचित जननायगा काची को एक-एक सीट मिली। इस तरह 30 सदस्यीय विधानसभा में NDA का आंकड़ा 18 तक पहुंच गया और पुडुचेरी में एक बार फिर गठबंधन सरकार का गठन हुआ.
ये भी पढ़ें: SMS अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी का मामला, पुलिस ने आरोपी को हरियाणा से किया डिटेन, फोन कॉल कर मांगे थे 40 करोड़



