स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। डीडी न्यूज के मुताबिक, इस हादसे में 64 लोगों की मौत हो गई, जबकि 179 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल के साथ मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को सहायता पहुंचाने में जुट गईं। स्पेनिश मीडिया के अनुसार, हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे मोरा और ओरगाज कस्बों के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि एक ट्रेन ने दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मैड्रिड-अंदालूसिया रेल मार्ग बंद
हादसे के बाद राजधानी मैड्रिड को दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली रेल लाइन पर यातायात रोक दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेनों में एक सरकारी कंपनी रेनफे (Renfe) और दूसरी निजी कंपनी इर्यो (Iryo) की बताई जा रही है। इन हाई-स्पीड ट्रेनों की रफ्तार आमतौर पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होती है। रेल सेवा बाधित होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैड्रिड के रेलवे स्टेशनों पर बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों के दोबारा संचालन का इंतजार कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि घटना की खबर सुनकर वह सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। वहीं, टोलेडो के पास स्थित उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान के मुताबिक, बचाव दल ने घायलों के इलाज और देखभाल के लिए एक स्पोर्ट्स हॉल तैयार रखने को कहा है। प्रशासन की ओर से राहत कार्यों को जारी रखा गया है।
हादसे की वजह का पता लगाने के लिए होगी जांच
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि एक ट्रेन दूसरी ट्रेन को समय रहते रोकने में क्यों नाकाम रही। इसके लिए सिग्नल सिस्टम, ब्रेक और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, रेनफे ट्रेन का ड्राइवर अभी लापता है। ट्रेन चालकों के संगठनों ने भी इस घटना को असामान्य बताया है। जांच में यह भी देखा जाएगा कि दुर्घटना से पहले सिग्नल और सुरक्षा प्रणालियां ठीक से काम कर रही थीं या नहीं।
इसी साल जनवरी में भी हुआ था ट्रेन हादसा
रिपोर्ट में बताया गया है कि इसी साल जनवरी में भी स्पेन में इर्यो और रेनफे की ट्रेनों के बीच टक्कर हुई थी। यह हादसा अंदालूसिया के अदामुज के पास हुआ था, जिसमें 46 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई थी। उस घटना में इर्यो की हाई-स्पीड ट्रेन मालागा से मैड्रिड जा रही थी। ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतरकर दूसरी पटरी पर पहुंच गए थे, जहां उनकी सामने से आ रही रेनफे ट्रेन से टक्कर हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने टक्कर को बेहद जोरदार बताते हुए कहा था कि उन्हें भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ।



