जयपुर। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS Hospital) में नौकरी के पहले ही दिन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के धरने पर बैठने का मामला सामने आया है। गुरुवार को पहली पोस्टिंग के लिए अस्पताल पहुंचे 50 से ज्यादा कर्मचारियों ने वार्ड बॉय का काम सौंपे जाने का विरोध किया। कर्मचारी सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल के पोर्च में धरने पर बैठे और करीब दोपहर 12 बजे तक विरोध जताया। दरअसल, सरकार की ओर से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पहली पोस्टिंग के तहत 150 कर्मचारियों को SMS अस्पताल में नियुक्त किया गया था। अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों को अलग-अलग सेक्शन में जिम्मेदारियां सौंपीं। इनमें करीब 50 कर्मचारियों को वार्ड बॉय का काम दिया गया, जिसका उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
जॉब चार्ट का हवाला देकर कर्मचारियों ने किया विरोध
धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के जॉब चार्ट में वार्ड बॉय के काम का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। उनका तर्क है कि यदि उनसे जॉब चार्ट से अलग जिम्मेदारी कराई जाती है तो वे इसे स्वीकार नहीं करेंगे। कर्मचारियों ने इसी मुद्दे को लेकर अस्पताल प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और काम शुरू करने से पहले जिम्मेदारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
अस्पताल अधीक्षक ने गाइडलाइन का दिया हवाला
वहीं SMS अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने कर्मचारियों के विरोध पर विभागीय नियमों का हवाला दिया। उनका कहना है कि मेडिकल हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर विभाग की जॉब रिस्पॉन्सिबिलिटी गाइडलाइन के सेक्शन-C में वार्ड बॉय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की जिम्मेदारियों को समान बताया गया है। अधीक्षक के अनुसार, कर्मचारियों को इसी गाइडलाइन के आधार पर वर्क अलॉटमेंट किया गया है। उन्होंने विरोध कर रहे कर्मचारियों को संबंधित नियमों की कॉपी भी उपलब्ध कराई है।
53,749 पदों पर हुई थी चतुर्थ श्रेणी भर्ती
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने वर्ष 2025 में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 53,749 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। इस भर्ती के लिए करीब 24.75 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इस भर्ती में 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, बीटेक और अन्य डिग्रीधारी अभ्यर्थी भी शामिल हुए थे। चयन के बाद अब कर्मचारियों को अलग-अलग सरकारी विभागों और संस्थानों में पोस्टिंग दी जा रही है।
नौकरी के पहले दिन ही सामने आया विवाद
SMS अस्पताल में पोस्टिंग के पहले दिन कर्मचारियों और प्रशासन के बीच जिम्मेदारियों को लेकर विवाद सामने आने से मामला चर्चा में है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को विभागीय गाइडलाइन समझाई गई है। अब देखना होगा कि कर्मचारी प्रशासन के निर्देशों के अनुसार ड्यूटी ज्वाइन करते हैं या जॉब चार्ट में जिम्मेदारियों को लेकर अपनी मांग पर कायम रहते हैं।



