जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है। प्रदेश में दोपहर 3 बजे तक कुल 52.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। तीसरे चरण के तहत प्रदेश की 116 पंचायत समितियों के मतदान आंकड़े सामने आए हैं। जारी आंकड़ों के अनुसार बांसवाड़ा जिले की नाहरपुरा पंचायत समिति में सबसे अधिक 64.65 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं सवाई माधोपुर की बौंली पंचायत समिति में सबसे कम 41.72 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
बांसवाड़ा की पंचायत समितियों में बंपर वोटिंग
दोपहर 3 बजे तक जारी मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में बांसवाड़ा जिले की पंचायत समितियां सबसे आगे नजर आईं। नाहरपुरा पंचायत समिति में 64.65 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि गंगड़तलाई में 63.69 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। इसके अलावा आनंदपुरी पंचायत समिति में 63.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस तरह सबसे ज्यादा मतदान वाली पंचायत समितियों में बांसवाड़ा जिले का दबदबा रहा।
इन पंचायत समितियों में भी 63 प्रतिशत से ज्यादा मतदान
तीसरे चरण के मतदान में हनुमानगढ़ और प्रतापगढ़ की पंचायत समितियों में भी मतदाताओं का अच्छा उत्साह देखने को मिला।
दोपहर 3 बजे तक प्रमुख पंचायत समितियों का मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा:
- नाहरपुरा (बांसवाड़ा) – 64.65%
- गंगड़तलाई (बांसवाड़ा) – 63.69%
- भादरा (हनुमानगढ़) – 63.55%
- आनंदपुरी (बांसवाड़ा) – 63.32%
- तिजारा (खैरथल-तिजारा) – 63.07%
- दलोट (प्रतापगढ़) – 63.07%
बौंली और लालसोट में सबसे कम मतदान
मतदान प्रतिशत के मामले में सवाई माधोपुर की बौंली पंचायत समिति सबसे पीछे रही। यहां दोपहर 3 बजे तक 41.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं दौसा जिले की लालसोट पंचायत समिति में 42.16 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।



