नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुणे के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए करीब 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो लाइन-3 का उद्घाटन किया और महा-मेट्रो फेज-2 का भूमिपूजन किया। पीएम मोदी ने कहा कि मेट्रो शुरू होने से पुणे के बड़े IT हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे शहर में आवागमन आसान होने के साथ शहरी विकास को भी गति मिलेगी।
पुणे मेट्रो से IT हब को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तब और बढ़ जाती हैं, जब जीवन में कोई नई सुविधा जुड़ती है। पुणे के लोगों के लिए मेट्रो की नई लाइन का लोकार्पण ऐसा ही एक सुखद अवसर है। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले उन्हें पुणे मेट्रो के पहले चरण के काम का शिलान्यास करने का अवसर मिला था। अब मेट्रो का विस्तार शहर के विकास को नई दिशा देगा। नई मेट्रो लाइन शुरू होने से पुणे के बड़े IT हब को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे IT सेक्टर में काम करने वाले लोगों और शहर के अन्य यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विकसित भारत के लिए आधुनिक शहरों का निर्माण जरूरी: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पुणे मेट्रो का लोकार्पण और विस्तार इस बात का उदाहरण है कि विकसित भारत के लिए किस तरह आधुनिक शहरों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले किसी शहर की पहचान उसके उद्योग, खान-पान या फल-फसलों से होती थी, लेकिन अब शहरों की पहचान के साथ दो महत्वपूर्ण कसौटियां भी जुड़ गई हैं। पहली यह कि शहर कितना प्रतिस्पर्धी है और दूसरी यह कि वहां रहने वाले लोगों के लिए जीवन कितना आसान है। मेट्रो जैसी परियोजनाएं इन दोनों कसौटियों पर शहर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पुणे मेट्रो को ग्रीन मेट्रो बनाने पर जोर
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मेट्रो परियोजना की विशेषताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पुणे मेट्रो एक ग्रीन मेट्रो के रूप में विकसित हो रही है और अपनी जरूरत की करीब 30 प्रतिशत ऊर्जा खुद तैयार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेट्रो कई नए रिकॉर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों पुणे मेट्रो के फेज-2 का भूमिपूजन भी किया गया।



