जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थम चुकी हैं और ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बरकरार है, जबकि रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट से हल्की ठंड महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मुरासु का राजस्थान पर कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। वहीं, आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मुरासु तूफान का राजस्थान में नहीं होगा असर
बंगाल की खाड़ी में बने भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु को लेकर मौसम विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार मध्य-पश्चिमी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान सक्रिय है। इसके आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, इस तूफान का राजस्थान के मौसम पर कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश की विशेष गतिविधियां होने के आसार नहीं हैं।
बाड़मेर में सबसे ज्यादा 36.8 डिग्री तापमान
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी राजस्थान के कई शहरों में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री, जोधपुर में 34.5 डिग्री, जवाई डैम (पाली) में 33.6 डिग्री, चूरू में 34.4 डिग्री और श्रीगंगानगर में 33.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर में 33.3 डिग्री, पिलानी में 34 डिग्री और जयपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
माउंट आबू में सबसे ठंडी रात, 11.9 डिग्री पहुंचा पारा
दिन में गर्मी के बीच प्रदेश के कई इलाकों में रात का तापमान गिरने लगा है। माउंट आबू में सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेखावाटी क्षेत्र के सीकर और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री रहा। नागौर में 15.1 डिग्री, अजमेर में 15.4 डिग्री और भीलवाड़ा में 14.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी जयपुर में रात का तापमान 18.1 डिग्री और जोधपुर में 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उदयपुर के डबोक में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री दर्ज हुआ।
बीकानेर में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। अजमेर, जयपुर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान के मामले में जोधपुर संभाग में पारा सामान्य से अधिक और बीकानेर संभाग में सामान्य से काफी अधिक रहा। ऐसे में पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में रात के समय ठंड का असर अभी कम बना हुआ है।



