जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के तीसरे चरण का मतदान जारी है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। सुबह 10 बजे तक प्रदेशभर में औसत मतदान 14.89 प्रतिशत दर्ज किया गया। हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में सबसे अधिक 23.71 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि धोरीमन्ना में सबसे कम 7.25 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
हनुमानगढ़ जंक्शन में सबसे ज्यादा मतदान
सुबह 10 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में 23.71 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं भादरा में 22.08 प्रतिशत, नोहर में 21.49 प्रतिशत और पीलीबंगा में 20.36 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। इसके अलावा छोटी सादड़ी में 19.92 प्रतिशत और दलोत में 19.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दूसरी तरफ धोरीमन्ना में सबसे कम 7.25 प्रतिशत और पहाड़ी में 7.30 प्रतिशत मतदान हुआ। पीपलू में भी मतदान की रफ्तार धीमी रही, जहां सुबह 10 बजे तक 9.30 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
धौलपुर में सुबह 10 बजे तक मतदान के आंकड़े
धौलपुर जिले में भी पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक पंचायत समिति सदस्य के लिए बाड़ी में 13.07 प्रतिशत, धौलपुर में 15.58 प्रतिशत और सैंपऊ में 15.17 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं जिला परिषद सदस्य के लिए सुबह 10 बजे तक 14.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
ब्यावर में 19 प्रतिशत मतदाताओं ने डाले वोट
ब्यावर में तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के तहत मतदान जारी है। शुरुआती घंटों में ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। सुबह 10 बजे तक करीब 19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यहां जिला परिषद के 14 और पंचायत समिति के 68 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है।
चित्तौड़गढ़ में भदेसर आगे, राशमी में कम मतदान
चित्तौड़गढ़ जिले में सुबह 10 बजे तक कुल 13.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समिति क्षेत्रों के आंकड़ों के अनुसार भदेसर में सबसे अधिक 16.89 प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं भूपालसागर में 15.39 प्रतिशत, चित्तौड़गढ़ में 13.19 प्रतिशत, कपासन में 12.19 प्रतिशत और राशमी में 10.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
बारां की 6 पंचायत समितियों में मतदान जारी
बारां जिले की छह पंचायत समितियों में भी तीसरे चरण का मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार:
- केलवाड़ा: 18.87 प्रतिशत
- शाहबाद: 17.93 प्रतिशत
- नाहरगढ़: 14.19 प्रतिशत
- किशनगंज: 13.13 प्रतिशत
- अंता: 11.60 प्रतिशत
- मांगरोल: 9.85 प्रतिशत
पुलिस की निगरानी के बीच मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
गुड़ामालानी में 12.5 प्रतिशत मतदान
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में भी पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है। यहां 111 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे तक 12.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। रिटर्निंग अधिकारी भंवरलाल विश्नोई ने मतदान प्रतिशत की जानकारी दी।



