Tuesday, November 3, 2026
HomeCrime Newsदिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, चाकसू-दूदू-नरैना में मिठाइयों...

दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा टीम की बड़ी कार्रवाई, चाकसू-दूदू-नरैना में मिठाइयों के 12 नमूने लिए

दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।

जयपुर। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जयपुर द्वितीय की खाद्य सुरक्षा टीम ने चाकसू, दूदू और नरैना क्षेत्र में विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के 12 नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर की गई। सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

चाकसू में मिठाई प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा टीम ने चाकसू तहसील के पास स्थित खंडेलवाल मिष्ठान भंडार से मावा और मिश्री मावा के नमूने लिए। कोटखावदा मोड़ स्थित जोधपुर स्वीट्स से मावा मिठाई, बैरवा धर्मशाला स्थित भगवती जोधपुर मिष्ठान भंडार से कलाकंद तथा फागी रोड स्थित श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा और कलाकंद के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए भेजा गया है।

दूदू और नरैना में भी सैम्पलिंग
दूदू क्षेत्र में अन्नपूर्णा जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा और अग्रवाल स्वीट्स से मावा पेड़ा का नमूना लिया गया। वहीं, नरैना में शंकर मिष्ठान भंडार से मोतीचूर लड्डू, गोपाल डेयरी एवं स्वीट्स से पनीर तथा नव दुर्गा जोधपुर मिष्ठान भंडार, बस स्टैंड नरैना से मलाई बर्फी का नमूना लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।

मिठाई विक्रेताओं को दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को मिठाइयां तैयार करने में गुणवत्तायुक्त मावे और कच्चे माल का उपयोग करने, फूड कलर का सीमित मात्रा में इस्तेमाल करने तथा खराब और दूषित मिठाइयों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव तथा फूड लाइसेंस को प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image