पटना/नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। मुख्यमंत्री ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर दावा करते हुए कहा कि राज्य में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी वीडियो शेयर कर मुख्यमंत्री पर तंज कसा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के बीच नदियों से निकलने वाली गाद का इस्तेमाल सड़क निर्माण में करने को लेकर समझौता हुआ।
कार्यक्रम के दौरान बिहार की कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो गया है। उन्होंने कहा, “क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं। हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अब बिहार में कोई अपराधी नहीं है।”
मुख्यमंत्री के इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई। विपक्ष ने उनके दावे पर सवाल उठाते हुए बिहार में कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री के बयान का वीडियो शेयर करते हुए उन पर तंज कसा। वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री के बयान को लेकर अब राजनीतिक बहस तेज हो गई है।



