नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी है। मंगलवार को जारी करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी भी मंच और जगह का चयन कर उनके साथ बहस करें। उन्होंने विदेशी ताकतों से कथित संबंध, अमेरिका के साथ हुई डील, अडाणी मामले और एपस्टीन से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करने की मांग की। राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, “24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पर आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ।”
उन्होंने आगे कहा कि बहस में यह स्पष्ट होना चाहिए कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों से किसका किस तरह का संबंध है। राहुल ने प्रधानमंत्री से जल्द बहस करने की अपील करते हुए कहा, “जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत।”
अमेरिका की डील और अडाणी केस पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने बहस के संभावित मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि चर्चा में देश के वित्तीय सिस्टम और वित्तीय ढांचे से जुड़े सवाल भी शामिल होंगे। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई डील को लेकर सवाल उठाए कि यह समझौता कैसे और इतनी जल्दी क्यों हुआ। राहुल ने पूछा कि इस पर कैबिनेट को जानकारी क्यों नहीं दी गई और अडाणी मामले में केस बंद क्यों हुआ। इसके अलावा उन्होंने एपस्टीन से जुड़े मुद्दों पर भी खुली चर्चा की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री उनके खिलाफ आरोप लगाते हैं, इसलिए बहस के जरिए सभी सवालों का जवाब सामने आना चाहिए।
राहुल बोले- मेरे खिलाफ मानहानि के 45 केस
वीडियो में राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर करीब 45 मानहानि के मुकदमे दर्ज हैं। राहुल ने कहा कि विदेशी संबंधों से जुड़े मुद्दों पर भी मानहानि का मामला दर्ज किया जाना चाहिए, ताकि इन विषयों पर खुलकर चर्चा हो सके। उन्होंने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि बहस में सभी आरोपों और सवालों पर स्पष्टता आ जाएगी। वीडियो के अंत में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “हैप्पी दिवाली, मोदी जी।”
अमित शाह का पलटवार, बोले- संसद चलने दीजिए
राहुल गांधी की चुनौती के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में विपक्ष पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने नकली संसद बनाकर असली संसद का मखौल उड़ाया और चर्चा का नाटक किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। शाह ने विपक्ष से संसद चलने देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार विशेष सत्र बुलाकर SIR के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए भी तैयार है। गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान हाथ में लेकर घूमने से उसका समर्थन नहीं होता, बल्कि आचरण भी संवैधानिक होना चाहिए।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती और अमित शाह के पलटवार के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर राहुल गांधी ने कई मुद्दों पर सार्वजनिक बहस की मांग की है, वहीं दूसरी ओर गृह मंत्री ने संसद में चर्चा करने की बात कही है।



