जयपुर। पर्यटन को सुरक्षित और स्मार्ट बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश की मौजूदगी में शुक्रवार को एक खास टूरिस्ट सेफ्टी एप लॉन्च किया गया, जिसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस एप में एक खास SOS बटन दिया गया है, जो सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। किसी भी पर्यटक को परेशानी होने पर वह सिर्फ एक क्लिक से पुलिस से मदद मांग सकेगा। दावा किया गया कि सूचना मिलते ही 8 से 10 मिनट के भीतर पुलिस सहायता मौके पर पहुंच जाएगी।
एप में जयपुर के सभी अधिकृत टूरिस्ट गाइड्स की जानकारी, फोटो और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि पर्यटकों के साथ किसी तरह की धोखाधड़ी या फर्जी गाइड की समस्या न हो। इसके अलावा एप में प्रमुख पर्यटन स्थलों का लोकेशन मैप, नजदीकी थाने, अस्पताल और जरूरी हेल्पलाइन नंबर भी जोड़े गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्यटक इस एप के जरिए शिकायत, सुझाव और फीडबैक भी दर्ज करा सकेंगे। आने वाले समय में इसमें रियल टाइम क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम भी जोड़ा जाएगा। इसके तहत आमेर जैसे पर्यटन स्थलों पर भीड़ की स्थिति ग्रीन, येलो और रेड अलर्ट के जरिए दिखाई जाएगी, जिससे पर्यटक अपनी यात्रा की बेहतर प्लानिंग कर सकेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि जयपुर में हर साल करोड़ों घरेलू और लाखों विदेशी पर्यटक आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है। पुलिस, पर्यटन विभाग और जेडीए के सहयोग से तैयार किया गया यह एप फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है, जिसे आगे राजस्थान के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी लागू करने की योजना है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से इस एप को डाउनलोड करने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल जयपुर को और अधिक सुरक्षित, स्मार्ट और पर्यटक अनुकूल शहर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।



