मुंबई (प्रज्ञा पांडे )। रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण: पार्ट-1’ रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। पहले फिल्म का ट्रेलर तय तारीख पर रिलीज नहीं हो पाया और अब टीवी की मशहूर ‘सीता’ दीपिका चिखलिया ने फिल्म में साई पल्लवी के लुक को लेकर सवाल उठाए हैं। दोनों वजहों से फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। हाल ही में मीडिया को दिए इंटरव्यू में दीपिका चिखलिया ने कहा कि उन्होंने अब तक उपलब्ध फिल्म की झलक में सीता के घुंघराले बाल देखे हैं, जबकि उनके अनुसार रामायण के वर्णनों में ऐसा उल्लेख नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि तुलसीदास की रामायण में सीता का वर्णन लंबे बाल, बादाम जैसी आंखों और गौर वर्ण वाली स्त्री के रूप में किया गया है।
दीपिका ने यह भी कहा कि रामानंद सागर की ‘रामायण’ आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है और उसकी छवि को बदल पाना आसान नहीं होगा। उनके मुताबिक, कोरोना महामारी के दौरान जब टीवी पर ‘रामायण’ का दोबारा प्रसारण हुआ, तब नई पीढ़ी ने भी उसे बड़े उत्साह से देखा था। इससे पहले अभिनेता अन्नू कपूर भी फिल्म में साई पल्लवी की कास्टिंग पर अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि धार्मिक और ऐतिहासिक किरदारों के चयन को लेकर काफी सोच-समझकर फैसला किया जाना चाहिए। हालांकि, यह उनका व्यक्तिगत मत है।
ट्रेलर क्यों टला?
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि ‘रामायण’ का ट्रेलर फिलहाल पोस्टपोन कर दिया गया है। उनके मुताबिक, सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के बाद अब ट्रेलर को बड़े वैश्विक स्तर पर लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है। इसलिए इसकी रिलीज आगे बढ़ाई गई है। नई तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है। अपने बयान में नमित मल्होत्रा ने युवाओं और हालिया छात्र आंदोलनों का भी जिक्र करते हुए देश के भविष्य के लिए सकारात्मक योगदान देने की अपील की।
कब रिलीज होगी फिल्म?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट-1’ 8 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। वहीं, 1987 की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल इस बार राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के हिंदी डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स के लिए निर्माताओं ने करीब 450 करोड़ रुपये की मांग रखी है। यदि यह डील पूरी होती है, तो यह बॉलीवुड की सबसे बड़ी डिस्ट्रीब्यूशन डील्स में से एक होगी।



