जयपुर (प्रज्ञा पांडे)। शनिवार की सुबह भी कई शहरों में लोगों की नींद बारिश की आवाज के साथ खुली। कहीं हल्की फुहारें पड़ीं तो कहीं तेज बारिश ने सड़कों को पानी से भर दिया। राजस्थान में इस बार मानसून रुक-रुककर नहीं, बल्कि लगातार अपना असर दिखा रहा है। ऐसे में अगर आप आज घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को पूरे राजस्थान में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में कम समय में ज्यादा बारिश होने की भी आशंका है, जिससे जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है।
माउंट आबू में सबसे ज्यादा बारिश
राजस्थान के इकलौते हिल स्टेशन माउंट आबू में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 195 मिमी यानी लगभग 8 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हुई बारिश से झरने उफान पर हैं और पहाड़ों से बहता पानी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की है, क्योंकि तेज बारिश के दौरान फिसलन और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रहता है।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, उदयपुर, सिरोही, पाली, जालोर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, अजमेर, भीलवाड़ा, कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा जयपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी अच्छी बारिश हो सकती है। लगातार हो रही बारिश से खरीफ फसलों को काफी फायदा मिलने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से बुवाई कर चुके किसानों को राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर जिन इलाकों में लगातार भारी बारिश हो रही है, वहां जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान और ग्रामीण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। भारी बारिश के दौरान बड़े शहरों में सड़कों पर पानी भरने की समस्या आम हो जाती है। ऐसे में लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को भी तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।
28 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश का यह दौर थमने वाला नहीं है। 28 जुलाई से मानसून एक बार फिर ज्यादा सक्रिय होने के संकेत हैं, जिससे राज्य के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों समेत कई जिलों में फिर से व्यापक बारिश हो सकती है। यानी आने वाले दिनों में राजस्थान के लोगों को बारिश से अभी राहत मिलने की संभावना कम है। फिलहाल इतना तय है कि राजस्थान में मानसून पूरे रंग में है। जहां एक ओर बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में लोगो को सतर्क रहने की भी जरूरत है। अगर मौसम विभाग का अनुमान सही साबित हुआ, तो 28 जुलाई के बाद बारिश का दौर और तेज हो सकता है।



