मुंबई। अभिनेत्री श्रिया सरन ने अपने फिल्मी करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। साउथ सिनेमा में पहचान बनाने से लेकर बॉलीवुड में संघर्ष करने तक, उनका सफर आसान नहीं रहा। ‘शिवाजी: द बॉस’, ‘दृश्यम’ और ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं श्रिया ने अपने अभिनय से अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों के बीच पहचान बनाई है।
म्यूजिक वीडियो से शुरू हुआ फिल्मी सफर
श्रिया सरन का जन्म 11 सितंबर 1982 को हुआ था। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई की और कथक का प्रशिक्षण भी लिया। कॉलेज के दिनों में एक म्यूजिक वीडियो में काम करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘इष्टम’ से अभिनय की शुरुआत की।उनके माता-पिता चाहते थे कि वह पहले अपनी पढ़ाई पूरी करें। ऐसे में श्रिया को कॉलेज और फिल्मों की शूटिंग के बीच संतुलन बनाना पड़ा। शुरुआती दिनों में भाषा की चुनौती भी सामने आई, लेकिन उन्होंने अभिनय जारी रखा।
साउथ में सफलता, बॉलीवुड में करना पड़ा संघर्ष
श्रिया ने तेलुगु और तमिल फिल्मों में काम करते हुए अपनी पहचान बनाई। साल 2007 में रजनीकांत के साथ फिल्म ‘शिवाजी: द बॉस’ उनके करियर का अहम पड़ाव बनी। हालांकि, हिंदी फिल्मों में उन्हें शुरुआत में मनचाही सफलता नहीं मिली।उन्होंने ‘तुझे मेरी कसम’, ‘शुक्रिया’ और ‘मिशन इस्तांबुल’ जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन इन फिल्मों से उन्हें वैसी पहचान नहीं मिली, जैसी उन्होंने उम्मीद की थी। फिल्म ‘आवारापन’ में उनके अभिनय को सराहना मिली, लेकिन हिंदी सिनेमा में लगातार बड़े मौके मिलना उनके लिए चुनौती बना रहा।
‘दृश्यम’ से मिली हिंदी दर्शकों के बीच पहचान
साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘दृश्यम’ में श्रिया सरन ने अजय देवगन की पत्नी नंदिनी सालगांवकर का किरदार निभाया। फिल्म में उनके भावनात्मक अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। इसके बाद 2022 में आई ‘दृश्यम 2’ में भी उन्होंने यही भूमिका निभाई।इसके अलावा एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ में भी श्रिया नजर आईं। उन्होंने फिल्म में अजय देवगन के किरदार की पत्नी का रोल निभाया था। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय सफलता से भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली।
ऑडिशन के लिए बीच में छोड़ दी थी शादी
श्रिया सरन के करियर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा फिल्म ‘आरआरआर’ के ऑडिशन का है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि ऑडिशन के लिए उन्हें अपने कजिन की शादी बीच में छोड़कर हैदराबाद जाना पड़ा था। राजामौली के साथ काम करने का मौका मिलने पर उन्होंने ऑडिशन को प्राथमिकता दी।
निजी जिंदगी और करियर में बनाया संतुलन
श्रिया ने 2018 में रूसी उद्यमी आंद्रेई कोशचीव से शादी की। बाद में वह एक बेटी की मां बनीं। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने अभिनय भी जारी रखा। ‘दृश्यम 2’ की शूटिंग के दौरान उनकी बेटी छोटी थी, इसलिए उन्हें काम और परिवार के बीच तालमेल बैठाना पड़ा।करीब 25 साल के फिल्मी सफर में श्रिया सरन ने अलग-अलग भाषाओं और शैलियों की फिल्मों में काम किया है। उनका करियर इस बात का उदाहरण है कि शुरुआती संघर्ष और असफलताओं के बावजूद लगातार काम करते रहने से कलाकार अपनी पहचान बनाए रख सकते हैं।



