जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 साल पूरे होने पर राजस्थान मंत्रिमंडल ने उनके अभिनंदन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान, प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को साकार करने में अग्रिम आधार बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई और केंद्र सरकार की संघवाद की भावना से राजस्थान को कई लाभ मिले हैं। उन्होंने यमुना जल समझौते, नर्मदा जल समझौते और पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों से लंबित मुद्दों को आगे बढ़ाने का काम हुआ है।
35 लाख करोड़ के एमओयू, रिफाइनरी और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर जोर
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्लोबल राजस्थान समिट के दौरान 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पचपदरा रिफाइनरी की शुरुआत की है। इसके अलावा प्रदेश में 27,750 किलोमीटर से अधिक लंबाई के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य में सरकार के कार्यकाल के दौरान सौर ऊर्जा क्षमता में 28 गीगावॉट की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से राजस्थान को ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और निवेश के क्षेत्र में लाभ मिला है।
भर्ती परीक्षाओं और किसानों को बिजली देने पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों पर कहा कि राज्य में 410 से अधिक भर्ती परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। किसानों को राहत देने के संबंध में सीएम ने कहा कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में अब तक 30 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।
‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में राजस्थान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप राजस्थान में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की अवधारणा को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी के तहत पंचायत राज चुनाव एक साथ कराने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले अलग-अलग समय पर चुनाव होने से विकास कार्य प्रभावित होते थे, जबकि एक साथ चुनाव कराने से विकास योजनाओं को गति देने में मदद मिलेगी।
सेवा संकल्प रथों से गांवों तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब गांवों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत हों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था आत्मनिर्भर बने। केंद्र और राज्य सरकार इसी सोच के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही हैं।
ग्राम विकास संकल्प पत्र में शामिल होंगे ग्रामीणों के सुझाव
मुख्यमंत्री ने ‘विकसित गांव, विकसित भारत अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राम सभाओं और चौपालों के माध्यम से किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और बुजुर्गों से सुझाव लिए गए हैं। इन सुझावों के आधार पर ग्राम विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया है, जिसमें ग्रामीणों की जरूरतों, आकांक्षाओं और सामूहिक विकास के संकल्प को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं तैयार करना और उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।



