जयपुर/भवानीमंडी। राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के प्रचार के बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। डोटासरा ने नगर निकाय चुनाव के परिणामों का हवाला देते हुए दावा किया कि कांग्रेस और भाजपा के बीच मतों का अंतर बहुत कम रहा। उन्होंने कहा कि जयपुर में कांग्रेस 16,600 से अधिक मतों से आगे रही, जबकि बीकानेर और झालावाड़ में भी कांग्रेस को बढ़त मिली। उन्होंने पाली और भरतपुर के चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए भाजपा के प्रचंड जीत के दावों पर सवाल उठाए। डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर निकायों में बोर्ड बनाने में सफल रही, लेकिन जनता ने उसे आईना दिखा दिया। डोटासरा झालावाड़ के भवानीमंडी में जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने बारां जिले में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
‘राजस्थान की सरकार ही नकली है’
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों को खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में नकली खाद और बीज की बिक्री हो रही है। डोटासरा ने कहा कि जब प्रदेश के कृषि मंत्री खुद छापेमारी कर नकली खाद और बीज की बात कर रहे हैं, तो जनता के मन में सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान की जनता अब कह रही है कि प्रदेश की सरकार ही नकली है।
किसानों, युवाओं और महिलाओं के मुद्दे उठाए
डोटासरा ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए किसान आंदोलन, पहलवान बेटियों के प्रदर्शन और युवाओं के मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास करती है। साथ ही, उन्होंने वोट चोरी के आरोपों और संविधान की रक्षा को लेकर चल रहे आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की जरूरत है।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में युवा बेरोजगारी से परेशान हैं, व्यापारी वर्ग समस्याओं का सामना कर रहा है और महिलाएं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने पेंशन, सड़क, पेयजल, बिजली और विकास कार्यों को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।
पंचायत चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील
डोटासरा ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और कथित कुशासन का जवाब देने का अवसर पंचायत चुनाव में मिला है। कांग्रेस के पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों को जिताकर ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई राह खोली जा सकती है।
जनसभाओं के जरिए कांग्रेस नेतृत्व ने पंचायत चुनाव से पहले भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बनाने और ग्रामीण मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने का प्रयास किया।



