Friday, May 8, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessShare Market Update News : ईरान-अमेरिका तनाव का असर, शेयर बाजार में...

Share Market Update News : ईरान-अमेरिका तनाव का असर, शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स और निफ्टी लगातार दूसरे दिन टूटे

पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन गिरावट में रहे। बीएसई सेंसेक्स 516 अंक टूटकर 77,328 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 150 अंक गिरा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कमजोर तिमाही नतीजों से शेयर 6% से ज्यादा लुढ़का। वहीं, टाइटन कंपनी लिमिटेड के अच्छे नतीजों से उसके नतीजों में तेजी रही। निवेशकों में वैश्विक तनाव और तेल कीमतों को लेकर चिंता बनी हुई है।

Share Market Update News : मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को घरेलू बाजार लगातार दूसरे दिन भारी दबाव में रहे। निवेशकों की कमजोर होती धारणा और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के चलते बाजार में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के अंत में BSE Sensex 516.33 अंक यानी 0.66 प्रतिशत टूटकर 77,328.19 अंक पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 698 अंक तक लुढ़क गया था। वहीं NIFTY 50 में भी 150 अंकों की बड़ी गिरावट देखने को मिली। विश्लेषकों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी कारण निवेशक फिलहाल जोखिम लेने से बच रहे हैं और सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।

इन कंपनियों के शेयरों में आई भारी गिरावट

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 150.50 अंक यानी 0.62 प्रतिशत गिरकर 24,176.15 अंक पर आ गया। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शेयर में मार्च तिमाही नतीजों के बाद 6.62 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नुकसान में रहे। हालांकि, टाइटन के शेयर अनुकूल तिमाही नतीजों के बाद 4.76 प्रतिशत चढ़ गया। इसके साथ एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस और एचसीएल टेक के शेयरों में भी तेजी रही।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, अमेरिका -ईरान के बीच ताजा सैन्य कार्रवाई से संघर्षविराम की उम्मीदें कमजोर पड़ीं, जिससे निवेशकों ने मुनाफावसूली की और जोखिम से बचने की कोशिश की। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतें करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पर स्थिर रहने और अमेरिका के 10-वर्षीय बॉन्ड प्रतिफल में नरमी से व्यापक धारणा और रुपये को कुछ समर्थन मिला।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहा जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजार नुकसान के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 340.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 114 अंक गिरकर 77,844.52 अंक और निफ्टी 4.30 अंक की गिरावट के साथ 24,326.65 अंक पर बंद हुए थे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular