Shah Rukh Khan Cricket Ground : लॉस एंजेलिस। बॉलीवुड सुपरस्टार और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक शाहरुख खान का वर्षों पुराना सपना आखिरकार साकार हो गया। उन्होंने अमेरिका के लॉस एंजेलिस (LA) में अत्याधुनिक नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का भव्य उद्घाटन किया। यह पहल अमेरिका में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने और नाइट राइडर्स ब्रांड के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
इस खास मौके पर शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, “जो कभी एक सपना था, वह आज हकीकत बन गया है। लॉस एंजेलिस के नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में आप सभी का स्वागत है।” उन्होंने कहा कि यह मैदान केवल क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवारों के साथ यादगार पल बिताने और खेल के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
शाहरुख ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए ICC चेयरमैन जय शाह और संजोग गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह क्रिकेट ग्राउंड सिर्फ लॉस एंजेलिस के लोगों के लिए नहीं, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों और पूरे नाइट राइडर्स परिवार को समर्पित है। पोस्ट के अंत में उन्होंने अपना लोकप्रिय संदेश “Believe in Purple and Gold” दोहराते हुए प्रशंसकों से नाइट राइडर्स परिवार के साथ जुड़े रहने की अपील की।
उद्घाटन वीडियो में दिखा पाकिस्तानी खिलाड़ी
शाहरुख खान द्वारा लॉस एंजेलिस में नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड के उद्घाटन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान में जन्मे क्रिकेटर अली खान की हो रही है। अली खान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) का प्रतिनिधित्व करते हैं और मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में एलए नाइट राइडर्स टीम का अहम हिस्सा हैं। उनकी मौजूदगी ने क्रिकेट प्रशंसकों का खास ध्यान आकर्षित किया है।
वीडियो में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर ड्वेन ब्रावो और सुनील नरेन भी नजर आए, जिससे नाइट राइडर्स परिवार की वैश्विक पहचान और मजबूत होती दिखाई दी। तीनों खिलाड़ियों की मौजूदगी ने इस खास आयोजन को और भी यादगार बना दिया। यह अत्याधुनिक क्रिकेट ग्राउंड अब एलए नाइट राइडर्स का आधिकारिक होम ग्राउंड होगा। माना जा रहा है कि इससे अमेरिका में क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी और मेजर लीग क्रिकेट को भी बड़ा मंच मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना अमेरिका में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को भी अवसर प्रदान करेगी।



