Khalnayak Returns: 33 साल बाद ‘खलनायक रिटर्न्स’ के साथ विलेन ‘बल्लू’ की भी बड़े पर्दे पर वापसी होने जा रही है. इस बार उसका अंदाज पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक होने वाला है. संजय दत्त ने 24 अप्रैल को अपनी नई फिल्म खलनायक रिटर्न्स का आधिकारिक ऐलान करते हुए इसका फर्स्ट लुक भी शेयर किया. खास बात यह है कि इस फिल्म में वह सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभा रहे हैं.
टीजर इंटरनेट पर छाया
टीजर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है और फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. टीजर में दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक, डार्क थीम और हाई-इंटेंस विजुअल्स का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है. टीजर की शुरुआत में चारों ओर आग की लपटें उठती दिखाई देती हैं, इसके बाद एक हाथ दिखता है जो बेड़ियों में जकड़ा हुआ है-यही बल्लू का हाथ है. जैसे-जैसे कैमरा आगे बढ़ता है, बल्लू का चेहरा सामने आता है, जिस पर खून और कालिख साफ नजर आती है. यह लुक किरदार को और भी ज्यादा खतरनाक और रहस्यमयी बना देता है. संजय दत्त की यह किलर लुक देख फैंस क्रेजी हो रहे हैं.
टीजर में उनके पुराने चर्चित डायलॉग और ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ गाने की झलक दिखाई देती है, जो दर्शकों को 90 के दशक की याद दिलाती है. मेकर्स ने क्लासिक टच को बरकरार रखते हुए इसे आधुनिक सिनेमाई स्टाइल के साथ पेश करने की कोशिश की है. हालांकि टीजर छोटा है, लेकिन यह सस्पेंस, थ्रिल से भरपूर है.
फिल्म की कहानी
‘खलनायक रिटर्न्स’ का यह टीजर साफ संकेत देता है कि बल्लू की वापसी इस बार और भी ज्यादा धमाकेदार होने वाली है. हालांकि फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन ‘बल्लू’ का किरदार एक बार फिर पर्दे पर जोरदार वापसी के लिए तैयार नजर आ रहा है.
1993 में रिलीज हुई थी खलनायक
गौरतलब है कि ‘खलनायक’ साल 1993 में रिलीज हुई और अपने दौर की बड़ी हिट फिल्मों में गिनी जाती है. इस फिल्म को प्रोड्यूस और डायरेक्ट सुभाष घई ने किया था. फिल्म में संजय दत्त के साथ जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित ने अहम भूमिकाएं निभाईं, जिन्होंने इसे दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया. संजय दत्त ने बल्लू नाम के एक क्रिमिनल का रोल प्ले किया था, जबकि जैकी श्रॉफ और माधुरी पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका में नजर आए थे.
ये भी पढ़ें: कोलंबिया में बड़ा आतंकी हमला, बस को बम से उड़ाया, 13 लोगों की मौत, 38 घायल



