Beating Retreat 2026 : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि ‘बीटिंग रिट्रीट’ का संगीत पहली बार ‘वेव्स ओटीटी’ पर उपलब्ध है और भविष्य में यह अन्य मंचों पर भी मौजूद होगा। मोदी ने कहा कि इस वर्ष का ‘बीटिंग रिट्रीट’ समारोह बहुत यादगार रहा क्योंकि वायु सेना, सेना, नौसेना और सीएपीएफ के बैंड ने बहुत ही अच्छी प्रस्तुति दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वायुसेना बैंड ने ‘सिंदूर फॉर्मेशन’ बनाया जबकि नौसेना बैंड ने ‘मत्स्य यंत्र फॉर्मेशन’ बनाया। उन्होंने कहा कि सेना के बैंड की प्रस्तुति में वंदे मातरम् के 150 वर्षों के साथ-साथ क्रिकेट में भारत की सफलता को भी दर्शाया गया।
अलग-अलग बैंड की विविध संगीत परंपराओं को दर्शाता है : मोदी
मोदी ने कहा, आपने देखा होगा, यह समारोह अलग-अलग बैंड की विविध संगीत परंपराओं को दर्शाता है। बीते कुछ साल से इसमें भारतीय संगीत का समावेश बढ़ा है और ये देश के लोगों को भी बहुत पसंद आ रहा है। उन्होंने कहा कि बीटिंग रिट्रीट के बीत जाने के बाद ये सारी मेहनत, ये उपलब्धि धीरे-धीरे ओझल हो जाती थी, लेकिन अब इसे लेकर बहुत ही अच्छा प्रयास हुआ है। उन्होंने कहा, बीटिंग रिट्रीट का संगीत पहली बार ‘वेव्स ओटीटी’ पर भी उपलब्ध है। आने वाले समय में यह दूसरे मंचों पर भी मौजूद होगा – आप इसे जरूर सुनें। आपको अपने सैन्य बलों और उनकी परंपराओं पर बहुत गर्व होगा।
भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के औपचारिक समापन के उपलक्ष्य में 29 जनवरी को राजधानी के विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट का आयोजन किया जाता है। इस समारोह में सेना, नौसेना, वायु सेना, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के बैंड द्वारा संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाती हैं। समारोह की अध्यक्षता भारत के राष्ट्रपति करते हैं, जो सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर हैं।
यह समारोह पहली बार 1950 के दशक में आयोजित किया गया था और तब से यह सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक वार्षिक कार्यक्रम बन गया है।



