Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर गुरुवार तड़के मिसाइल एवं ड्रोन से बड़ा हमला किया. जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. हमलों के दौरान शहर में कई घंटों तक जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं. बैलिस्टिक एवं क्रूज मिसाइलों, ड्रोन से किए गए इस हमले से पूरे शहर में इमारतों और नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है. हमले को लेकर चेतावनी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ली.
हमले में 8 लोगों की मौत
कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई और आवासीय इमारतों व नागरिक बुनियादी ढांचों समेत 28 स्थानों पर भारी नुकसान की सूचना है. कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने बताया कि कम से कम 34 लोग घायल हुए हैं. बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटा हुआ है.
9 मंजिला इमारत के 6 फ्लोर ढहे
इसके अलावा होलोसिएव्स्की जिले में 16 मंजिला इमारत की छत पर आग लग गई, जबकि स्वियातोशिनस्की जिले में दो मकानों में आग लगने की सूचना है. दार्नित्स्की जिले में 9 मंजिला इमारत के 6 फ्लोर ढह गए और एक अन्य आवासीय भवन को भी गंभीर नुकसान पहुंचा.
रूस और यूक्रेन के बीच तेज हुए हमले
बता दें कि हाल के सप्ताहों में रूस ने कीव पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं. वहीं, यूक्रेन भी रूस के सैन्य ठिकानों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर लगातार ड्रोन हमले कर रहा है जिससे रूस के भीतर ईंधन की कमी पैदा हो गई है तथा उसकी आपूर्ति शृंखला भी प्रभावित हुई है.
ये भी पढ़ें: ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ अमरनाथ यात्रा का आगाज, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को दिखाई हरी झंडी



