Amarnath Yatra 2026: पवित्र अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ हो गया है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से पहले जत्थे को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कश्मीर स्थित पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना किया. इस दौरान पूरा परिसर ‘बम-बम भोले’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा बर्फानी’ के जयघोष से गूंज उठा. करीब 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए 57 दिनों की यह वार्षिक यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी. श्रद्धालु पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे.
#WATCH | Jammu | J&K Lieutenant Governor Manoj Sinha flagged off the first batch of Shri Amarnathji Yatra 2026 pilgrims pic.twitter.com/tnTvzud1JH
— ANI (@ANI) July 1, 2026
उपराज्यपाल ने की विशेष पूजा अर्चना
पहले जत्थे को रवाना करने से पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर आधार शिविर में विशेष पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा, विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
#WATCH | Jammu and Kashmir Lieutenant Governor Manoj Sinha performs a Puja before flagging off the first batch of Shri Amarnathji Yatra 2006 pilgrims pic.twitter.com/FEG0LQDoHa
— ANI (@ANI) July 1, 2026
तीर्थ यात्रियों को उपराज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
यात्रा के शुभारंभ के बाद मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच X पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक तीर्थयात्रा नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जागृति और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है. उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की.
श्रद्धालुओं ने यात्रा इंतजामों को सराहा
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की सराहना की. पहली बार यात्रा पर आए सूरत के श्रद्धालु सुरेश कुमार ने सुरक्षा और सुविधाओं को संतोषजनक बताया. वहीं जूनागढ़ अखाड़े के बाबा गोगा नाथ ने इसे भगवान शिव का आशीर्वाद बताते हुए साधु-संतों के लिए किए गए प्रबंधों की प्रशंसा की. काशी से आए संत सुखम दास ने कहा कि बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए इस बार सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार किया गया है.

अमरनाथ यात्रा के लिए 3.90 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन
अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. जम्मू में तत्काल पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यात्रा में शामिल हो सकें. वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पूरे जम्मू क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष यातायात प्रबंधन, तकनीक आधारित निगरानी और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. प्रशासन का लक्ष्य यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है.




