जयपुर। राजस्थान में मानसून की सक्रियता तेज हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य, पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में सक्रिय हुए मजबूत वेदर सिस्टम के कारण अगले कुछ घंटों में तेज आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, अजमेर, ब्यावर, टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और बूंदी समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
जयपुर में बदला मौसम, लोगों को गर्मी से राहत
राजधानी जयपुर में बुधवार से ही मौसम ने करवट ले ली है। कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे उमस और भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई के शुरुआती दो सप्ताह में पूर्वी राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।
25 जिलों में येलो अलर्ट
IMD ने प्रदेश के 25 जिलों में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। इनमें सीकर, चूरू, झुंझुनूं, पाली, राजसमंद, कोटा, बारां, झालावाड़, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, अलवर, उदयपुर, सलूम्बर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, नागौर और डीडवाना-कुचामन सहित कई जिले शामिल हैं। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। तेज गर्जना के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की हिदायत दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून की सक्रियता आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इससे जलाशयों में पानी की आवक बढ़ेगी और खरीफ फसलों को भी लाभ मिलेगा।



