Thursday, July 2, 2026
HomeLatest Newsबेल्जियम की रोमांचक जीत, सेनेगल को 3-2 से हराया, प्री क्वार्टर फाइनल...

बेल्जियम की रोमांचक जीत, सेनेगल को 3-2 से हराया, प्री क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

Belgium vs Senegal FIFA World Cup: बेल्जियम ने फीफा विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में सेनेगल को 3-2 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। 2-0 से पिछड़ने के बाद रोमेलु लुकाकू और टिलेमैन्सके गोलों से बेल्जियम ने वापसी की। अतिरिक्त समय में मिली पेनल्टी पर टिलेमैन्स ने विजयी गोल दागा। यह विश्व कप इतिहास में बेल्जियम की सबसे यादगार वापसी वाली जीतों में शामिल हो गई।

Belgium vs Senegal FIFA World Cup: फीफा विश्व कप में बेल्जियम ने 2 गोल से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए बुधवार को यहां सेनेगल को 3-2 से हराकर अंतिम 16 में जगह बना ली. दो गोल से पिछड़ने के बावजूद बेल्जियम ने मैच के अंतिम क्षणों में दमदार खेल दिखाया और अतिरिक्त समय में मिली पेनल्टी का फायदा उठाकर यादगार जीत दर्ज की.

मैच की शुरुआत सेनेगल के पक्ष में रही. 24वें मिनट में हबीब डियारा ने पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद दूसरे हाफ के 51वें मिनट में इस्माइला सार ने शानदार गोल दागकर सेनेगल की बढ़त 2-0 कर दी. सार का यह गोल टूर्नामेंट के सबसे खूबसूरत गोलों में से एक माना जा रहा है.

दो गोल से पिछड़ने के बाद बेल्जियम ने आक्रामक खेल दिखाया. टीम के अनुभवी स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू ने 86वें मिनट में गोल कर टीम की वापसी की उम्मीद जगाई. इसके सिर्फ 3 मिनट बाद टिलेमैन्स ने बराबरी का गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया, जिससे मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंच गया.

मैच में अंतिम क्षणों तक रहा रोमांच

जब मैच पेनल्टी शूटआउट की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तभी रैफरी ने वीडियो रिव्यू के बाद बेल्जियम को पेनल्टी किक देने का फैसला किया और टिलेमैन्स ने इस मौके को गोल में बदलते हुए बेल्जियम को 3-2 की रोमांचक जीत दिला दी. यह विश्व कप इतिहास के सबसे देर से किए गए निर्णायक गोलों में से एक माना जा रहा है.

सेनेगल के मुख्य कोच पेप थियाव ने मैच के बाद पेनल्टी फैसले पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि पेनल्टी को लेकर सभी की अपनी-अपनी राय हो सकती है और वह रेफरी के फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.

बेल्जियम की ऐतिहासिक जीत

यह जीत बेल्जियम के लिए ऐतिहासिक रही. पिछले 11 विश्व कप में यह केवल दूसरा अवसर है, जब किसी टीम ने नॉकआउट मुकाबले में दो या उससे अधिक गोल से पिछड़ने के बाद जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बनाई. इससे पहले बेल्जियम ने 2018 विश्व कप में जापान के खिलाफ भी 0-2 से पिछड़ने के बाद 3-2 से जीत दर्ज की थी.

अब बेल्जियम का अगला मुकाबला अमेरिका और बोस्निया-हर्जेगोविना के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा. शानदार वापसी के बाद बेल्जियम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि दबाव की परिस्थितियों में भी टीम मुकाबला पलटने का दम रखती है.

ये भी पढ़ें: यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस का मिसाइल-ड्रोन अटैक, 9 मंजिला इमारत ढही, 8 लोगों की मौत


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image