राजस्थान क्रिकेट संघ यानी RCA के चुनाव में मुकाबला अब त्रिकोणीय हो गया है। अध्यक्ष पद के लिए धनंजय सिंह खींवसर, पराक्रम सिंह राठौड़ और बृजकिशोर उपाध्याय गुट आमने-सामने हैं। शनिवार को नामांकन का आखिरी दिन था और तीनों गुटों की ओर से अलग-अलग पदों के लिए अपने प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। तीनों पैनल ने अध्यक्ष, सचिव, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष समेत कई पदों पर उम्मीदवार उतारे हैं। खास बात यह रही कि तीसरे गुट का नामांकन दाखिल कराने राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी भी पहुंचे। वहीं इस दौरान पराक्रम सिंह राठौड़ भी उनके साथ नजर आए।
खींवसर गुट ने भी उतारा पूरा पैनल
जोधपुर जिला क्रिकेट संघ से जुड़े धनंजय सिंह खींवसर गुट की ओर से अध्यक्ष पद के लिए धनंजय सिंह खींवसर और दीनदयाल कुमावत ने नामांकन दाखिल किया। इस गुट से मोहित यादव और पवन दिलावर को उपाध्यक्ष, मोहित यादव और आशीष तिवाड़ी को सचिव पद के लिए मैदान में उतारा गया है। वहीं विनोद सहारण संयुक्त सचिव, आशीष तिवाड़ी कोषाध्यक्ष और अरिष्ट सिंघवी को कार्यकारिणी सदस्य के लिए नामांकन कराया गया है। खींवसर ने कहा कि सरकार की ओर से कोई मैसेज नहीं मिला, इसलिए उन्होंने नामांकन दाखिल किया है।
पराक्रम राठौड़ गुट भी मैदान में
वहीं चूरू जिला क्रिकेट संघ से जुड़े पराक्रम सिंह राठौड़ ने खुद अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके पैनल से मनोज शर्मा को सचिव, मनोज शर्मा और रतन सिंह को उपाध्यक्ष और सुशील जैन को कोषाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। पराक्रम गुट ने संयुक्त सचिव और कार्यकारिणी सदस्य के पदों पर भी प्रत्याशी उतारे हैं। पराक्रम सिंह राठौड़ ने कहा कि वे सरकार के साथ हैं और सरकार व संगठन जैसा निर्देश देंगे, उसी के अनुसार काम करेंगे।
तीसरा गुट भी मैदान में
खींवसर और पराक्रम गुट के अलावा बृजकिशोर उपाध्याय की अगुवाई में तीसरे पैनल ने भी चुनावी मैदान में ताल ठोक दी है। इस गुट से बृजकिशोर उपाध्याय अध्यक्ष, रतन सिंह उपाध्यक्ष, पिंकेश पोरवाल सचिव, राजेश सारस्वत संयुक्त सचिव और विष्णु अग्रवाल कोषाध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। अरिष्ट सिंघवी को कार्यकारिणी सदस्य के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
RCA चुनाव में दिख रहा नेताओं के बेटों का दबदबा
इस बार RCA चुनाव की तस्वीर इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि कई राजनीतिक परिवारों से जुड़े चेहरे चुनावी मैदान में हैं। धनंजय सिंह खींवसर, मोहित यादव, पवन दिलावर, आशीष तिवाड़ी, अरिष्ट सिंघवी और पराक्रम सिंह राठौड़ के पिता भाजपा की राजनीति से जुड़े रहे हैं। ऐसे में RCA चुनाव में क्रिकेट के साथ-साथ राजनीतिक समीकरणों की चर्चा भी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इन तीनों पैनलों में से किसे RCA के सदस्यों का समर्थन मिलता है।



