Thursday, July 2, 2026
HomeLatest Newsराम मंदिर दान घोटाले में बड़ा एक्शन! आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी...

राम मंदिर दान घोटाले में बड़ा एक्शन! आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी को अवैध निर्माण पर एडीए का नोटिस

राम मंदिर दान गबन मामले में जांच तेज करते हुए पुलिस ने आरोपी लवकुश मिश्रा के घर की तलाशी ली। वहीं अयोध्या विकास प्राधिकरण ने उनकी पत्नी के नाम बने कथित अवैध निर्माण पर नोटिस जारी किया। अब तक लाखों रुपये नकद, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा बरामद की जा चुकी है।

Lavkush Mishra News : अयोध्या। अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) ने राम मंदिर दान गबन मामले के आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को कथित अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया है। आरोप है कि उनके नाम पर बन रहे मकान का निर्माण प्राधिकरण से आवश्यक अनुमति लिए बिना किया जा रहा था। वहीं, पुलिस ने दान गबन मामले की जांच तेज करते हुए आरोपी और उसके परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है।

आधिकारिक और पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एडीए सूत्रों के मुताबिक सोहावल तहसील के बनवीरपुर गांव में इस मकान का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा कि मकान वाली जमीन लवकुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर खरीदी गई थी और विकास प्राधिकरण से अनिवार्य अनुमोदन प्राप्त किए बिना निर्माण किया गया है।

पुलिस ने की लवकुश मिश्रा के परिवार से पूछताछ

पुलिस सूत्रों ने कहा कि जांचकर्ताओं ने बुधवार को लवकुश मिश्रा के आवास की भी तलाशी ली और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। इस बीच, पुलिस सूत्रों ने संकेत दिया कि जांचकर्ता आरोपी अविनाश शुक्ला के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कड़ी कर सकते हैं, जिसके पास से अब तक सबसे अधिक नकद बरामदगी हुई है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान अविनाश शुक्ला से 20.39 लाख रुपये, करुणेश पांडे से 18.07 लाख रुपये, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख रुपये, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख रुपये, रमाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख रुपये और रमाशंकर यादव उर्फ टीनू से एक लाख रुपये बरामद किये गये हैं।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान करीब 11 ग्राम सोना, करीब 375 ग्राम चांदी और 1,121 अमेरिकी डॉलर भी बरामद किये गये हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक महत्वपूर्ण बरामदगी में, जांचकर्ताओं ने अयोध्या के एक योग केंद्र से पेटीएम क्यूआर कोड वाला ‘रामराज्य कोष’ लेबल वाला एक दान बॉक्स जब्त किया, जहां अविनाश शुक्ला लगभग एक दशक से रहा था।

राम मंदिर के दान में कथित गबन सात जून को सामने आया था। बाद में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एक विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद 25 जून को एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में मंदिर के दान-गणना प्रक्रिया से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच चल रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image