Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है. करीब 7 दिन की देरी से पहुंचे मानसून के सक्रिय होने के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के कई जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है.
टोंक, जयपुर और अलवर जिलों से होकर गुजर रहा मानसून
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल टोंक, जयपुर और अलवर जिलों से होकर गुजर रहा है और अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून के राज्य के शेष हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.
कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. गुरुवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कोटा संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है.
अगले 7 दिनों में इन जिलों में बारिश का अलर्ट
वहीं अगले 7 दिनों तक जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात प्रभावित होने जैसी स्थिति भी बन सकती है.मानसून की सक्रियता किसानों के लिए राहत लेकर आई है. लंबे इंतजार के बाद हुई बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं. आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को संभावित जलभराव और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न जाएं और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें.
ये भी पढ़ें: 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन का दूसरा दिन, स्मार्ट पुलिसिंग में AI की भूमिका पर हुआ मंथन



