Jailer 2 Crew member Dies on Set: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म Jailer 2 के सेट पर बड़ा हादसा हो गया. चेन्नई के पनैयूर इलाके में स्थित एक निजी फिल्म स्टूडियो में शूटिंग के दौरान करंट लगने से एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान कार्तिकेयन के रूप में हुई है, जो फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट में काम कर रहा था. बताया जा रहा है कि वह शूटिंग के लिए घर जैसा सेट तैयार करने में जुटा हुआ था, तभी अचानक हादसा हो गया.
घटना के बाद सेट पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. इस हादसे के बाद पूरी फिल्म यूनिट में शोक का माहौल है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सेट पर बिजली के रिसाव के कारण यह दुर्घटना हुई, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई. फिलहाल इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं फिल्म की टीम और प्रोडक्शन हाउस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

लगातार मुश्किलों में ‘जेलर 2’
बता दें कि Jailer 2 पिछले कुछ महीनों से लगातार मुश्किलों में घिरी हुई है. कुछ समय पहले फिल्म का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर लीक हो गया था, जिसके बाद इंटरनेट पर जमकर हंगामा मच गया. इसके बाद फिल्म के प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स ने एंटी-पायरेसी टीम को एक्टिव करते हुए वीडियो शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी.
‘जेलर-2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर-2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं. यह साल 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म Jailer का सीक्वल है.‘जेलर’ तमिल सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही थी और इसने दुनियाभर में 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का शानदार कारोबार किया था.
फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन के दमदार किरदार में नजर आएंगे. वहीं राम्या कृष्णन उनकी पत्नी विजया की भूमिका में वापसी करेंगी. इसके अलावा शिवा राजकुमार और मोहनलाल कैमियो रोल में दिखाई देंगे. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. हालांकि मेकर्स ने अभी तक फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.



