जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और जयपुर मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 2 जुलाई से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। वहीं 3 से 5 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने के संकेत हैं। सोमवार सुबह जयपुर और अलवर के कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली। वहीं उदयपुर संभाग में पिछले दो-तीन दिनों से जारी बारिश और आंधी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
25 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, अलवर, दौसा, टोंक, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, करौली, सवाई माधोपुर, झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, डीग, धौलपुर और झालावाड़ सहित कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है। वहीं चूरू, पाली, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और डीडवाना-कुचामन में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
2 जुलाई से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से राजस्थान में बारिश का दायरा बढ़ेगा और पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी जिलों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान की ओर बढ़ेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों से होकर गुजर रही है। अगले 2 से 3 दिनों में अनुकूल परिस्थितियां बनने के बाद मानसून दक्षिण-पूर्वी राजस्थान सहित उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ सकता है।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी अभी बरकरार
बारिश की संभावना के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में अगले 3 से 4 दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिक नमी के कारण उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।



