Rajasthan News: जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की लंबित समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान किया जा रहा है. 12 जून से शुरू हुए इन शिविरों में नागरिक सेवाओं से जुड़े हजारों मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई है.
शहरी सेवा शिविरों के तहत जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, पट्टे, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यों का तेजी से निस्तारण किया गया. इसके साथ ही सड़कों, नालियों, सीवर लाइनों की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे जनोपयोगी कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया.
अब तक कुल 35 हजार 243 पट्टे जारी
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेशभर में अब तक 35 हजार 243 पट्टे जारी किए जा चुके हैं. इनमें जयपुर जिले में 5,057 पट्टे वितरित किए गए. इसी अवधि में 6,993 भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी की गईं, जबकि 12,745 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया.
एक लाख से अधिक प्रमाण-पत्र वितरित
नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए जन्म, मृत्यु एवं EWS श्रेणी के कुल 1 लाख 2 हजार 256 प्रमाण-पत्र जारी किए गए. वहीं शहरी आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के तहत स्ट्रीट लाइट लगाने एवं मरम्मत से संबंधित 85,989 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 15 हजार 927 फेरो कवर लगाए गए.
राज्य सरकार का कहना है कि शहरी सेवा शिविरों ने आमजन और नगरीय निकायों के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ सेवा वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया है. लंबे समय से लंबित मामलों का मौके पर समाधान कर सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को साकार किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: यमुना जल परियोजना पर मिशन मोड में काम करें अधिकारी, शेखावाटी के लिए बनेगी वरदान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा



