Saturday, November 14, 2026
Homechunavi halchalराजस्थान पंचायत चुनाव: 25 जिलों में वोटिंग जारी, EVM खराब होने से...

राजस्थान पंचायत चुनाव: 25 जिलों में वोटिंग जारी, EVM खराब होने से वोटिंग प्रभावित

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण का मतदान आज जारी है। प्रदेश के 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिल रही है। कई जगहों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की कतारें लगी हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। इस चरण में मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, 16 नवंबर को ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। पंच-सरपंच चुनाव के परिणाम मतदान वाले दिन ही घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।

प्रतापगढ़ की चार पंचायत समितियों में मतदान जारी

प्रतापगढ़ जिले की अरनोद, प्रतापगढ़, पीपलखूंट और सुहागपुरा पंचायत समितियों में सुबह से मतदान जारी है। जिले में 12 जिला परिषद और 64 पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए कुल 288 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 2 लाख 58 हजार 427 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। प्रत्येक मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए दो वोट डाल रहा है।

ब्यावर में 360 मतदान केंद्रों पर वोटिंग

ब्यावर जिले की मसूदा, बदनोर और रायपुर पंचायत समितियों में मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। जिले में कुल 360 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3 लाख 28 हजार 76 मतदाता वोट डालेंगे। सुबह हल्की ठंड के कारण मतदान केंद्रों पर शुरुआती समय में मतदाताओं की संख्या कुछ कम नजर आई। निष्पक्ष और निर्भीक मतदान के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना चुनाव प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं, एसपी रतन सिंह राठौड़ के निर्देशन में मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

खैरथल-तिजारा में 86 पदों के लिए चुनाव

खैरथल-तिजारा जिले की कोटकासिम, टपूकड़ा, मुंडावर और ततारपुर पंचायत समितियों में मतदान जारी है। यहां चारों पंचायत समितियों में 70 पंचायत समिति सदस्य और 16 जिला परिषद सदस्य पदों के लिए चुनाव हो रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश और एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय चुनाव प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।

पोकरण में EVM खराब, तीन वार्डों की वोटिंग प्रभावित

पोकरण में पंचायतीराज चुनाव के दौरान EVM में तकनीकी खराबी आने से मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो गई। ब्लॉक नंबर 8 के लवां गांव स्थित बूथ संख्या 32 की दोनों EVM मशीनों में खराबी सामने आई है। इसके चलते लवां गांव के वार्ड संख्या 1, 2 और 3 के मतदाताओं का मतदान शुरू नहीं हो सका। मतदान दल की ओर से मशीनों को ठीक करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, मतदान केंद्र पर पहुंचे मतदाता वोटिंग शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

रूपवास में 150 मतदान केंद्रों पर मतदान

भरतपुर जिले के रूपवास उपखंड में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाता धीरे-धीरे मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। रूपवास उपखंड में कुल 150 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 1 लाख 26 हजार 21 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है।

सलूंबर में 25 अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी

सलूंबर जिले में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले में जिला परिषद के 9 वार्डों के साथ जयसमंद, सराड़ा और झल्लारा पंचायत समितियों में मतदान हो रहा है। जिले में 2.14 लाख से अधिक मतदाता गांवों की सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव संपन्न कराने के लिए 1,818 मतदान कार्मिक और 1,381 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 25 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले में 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 एरिया मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। एडीएम दिनेश राय सापेला ने देर रात जिलेभर का दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पीपी और एसपी विशनाराम विश्नोई मतदान प्रक्रिया की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

16 नवंबर को पंच-सरपंच चुनाव, 20 नवंबर को होगी मतगणना

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में आज जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान हो रहा है। इसके बाद 16 नवंबर को ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। पंच-सरपंच चुनाव के नतीजे मतदान के दिन ही घोषित किए जाएंगे। वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी। मतगणना के बाद ही प्रदेश में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image