Saturday, November 14, 2026
HomeLatest NewsPanchayat Elections 2026: राजस्थान में चौथे चरण की वोटिंग जारी, सुबह 10...

Panchayat Elections 2026: राजस्थान में चौथे चरण की वोटिंग जारी, सुबह 10 बजे तक 15.81 फीसदी मतदान

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण के लिए शनिवार को 25 जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग के दौरान कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनाव आयोग के जारी आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 15.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

धौलपुर में सुबह 10 बजे तक 15.81 प्रतिशत मतदान

धौलपुर जिले की राजाखेड़ा, बसेड़ी और सरमथुरा पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार बसेड़ी पंचायत समिति में 16.76 प्रतिशत, राजाखेड़ा में 14.23 प्रतिशत और सरमथुरा में 14.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जैसलमेर के रणधा में विरोध के बाद शुरू हुई वोटिंग

जैसलमेर के रणधा गांव में ग्रामीणों के विरोध के चलते बूथ नंबर 33 और 34 पर मतदान का बहिष्कार किया गया था। ग्रामीण निजी कंपनी को जमीन आवंटित करने से जुड़े मामले को लेकर नाराज थे और अपनी मांगों को लेकर मतदान में शामिल नहीं हो रहे थे। मतदान शुरू नहीं होने की सूचना मिलने पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद मोबाइल पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से समझाइश की। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद ग्रामीण मतदान के लिए राजी हो गए। इसके बाद दोनों बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हुआ।

बीकानेर में विधायक सुशीला डूडी ने किया मतदान

बीकानेर में पंचायतराज चुनाव के तहत विधायक सुशीला डूडी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने अपने पुत्र अजय और पुत्रवधू निकिता के साथ मतदान किया। निकिता जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं और उन्हें जिला प्रमुख पद की संभावित दावेदार भी माना जा रहा है।

चित्तौड़गढ़ में मतदान जारी, तीन बूथों पर EVM खराब

चित्तौड़गढ़ जिले में पंचायतीराज चुनाव के अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। जिले की 199 ग्राम पंचायतों में वोटिंग कराई जा रही है। इसके लिए 600 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव प्रक्रिया की जिम्मेदारी 3,529 मतदान कार्मिक संभाल रहे हैं। जिले में 18 जिला परिषद सदस्यों और 106 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान हो रहा है। हालांकि, बड़ीसादड़ी क्षेत्र के तीन बूथों पर EVM में खराबी आने से मतदान रुकने की सूचना है।

खैरथल में शांतिपूर्ण मतदान जारी

खैरथल जिले में सुबह से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से चल रही है। मतदाता अपने घरों से निकलकर मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

चूरू में राजेंद्र राठौड़ के परिवार का चुनावी मुकाबला चर्चा में

चूरू जिले में पंचायत राज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के मतदान के बीच वार्ड संख्या 23 और 39 का चुनावी मुकाबला चर्चा का विषय बना हुआ है। इन वार्डों में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के पुत्र और पुत्रवधू चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी आशा स्वामी और केशरी शर्मा से बताया जा रहा है।

झुंझुनूं में मतदान केंद्रों पर लगी कतारें

झुंझुनूं जिले के खेतड़ी और बबाई पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के दौरान कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर वोटिंग की रफ्तार धीमी रही। खेतड़ी पंचायत समिति के 21 वार्डों, बबाई पंचायत समिति के 17 वार्डों और जिला परिषद के 6 वार्डों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

बीकानेर में नोखा, जसरासर और पांचू में मतदान

बीकानेर जिले में पंचायतराज चुनाव के चौथे चरण के तहत नोखा, जसरासर और पांचू पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। यहां जिला परिषद के 10 और पंचायत समिति के 59 सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदाता वोट डाल रहे हैं। वहीं, विधायक सुशीला डूडी के मतदान करने के बाद जिले में चुनावी गतिविधियां और चर्चा तेज हो गई हैं।

श्रीगंगानगर में 194 सीटों पर 654 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

श्रीगंगानगर जिले में पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के लिए 8 पंचायत समितियों में मतदान जारी है। जिले में पंचायत समिति की 164 और जिला परिषद की 30 सीटों सहित कुल 194 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इन सीटों के लिए कुल 654 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें पंचायत समिति चुनाव के 553 और जिला परिषद के 30 वार्डों के 101 उम्मीदवार शामिल हैं। जिले में 8 लाख 67 हजार 167 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 999 केंद्र बनाए गए हैं। यहां 16 नवंबर को सरपंच पद के लिए मतदान होगा, जबकि 20 नवंबर को मतगणना की जाएगी।

जैसलमेर में 4.43 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

जैसलमेर जिले में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत 10 पंचायत समितियों के 545 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। जिले में पंचायत समिति के 147 ब्लॉक सदस्य और जिला परिषद के 21 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव हो रहा है। इस चरण में कुल 4 लाख 43 हजार 65 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जैसलमेर में भाजपा और कांग्रेस के बीच जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर प्रतिष्ठा की लड़ाई मानी जा रही है। जिला परिषद का वार्ड नंबर 9 अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। वहीं, जिला प्रमुख का पद भी इसी वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा की ओर से विधायक छोटूसिंह भाटी, महंत प्रतापपुरी, आईदानसिंह भाटी और जिलाध्यक्ष दलपत हींगड़ा ने चुनावी कमान संभाल रखी है। वहीं, कांग्रेस की ओर से सालेह मोहम्मद, रूपाराम धनदे, अब्दुल्ला फकीर, अंजना मेघवाल और जिलाध्यक्ष अमरदीन चुनाव प्रचार और रणनीति में जुटे हैं। भाजपा के सामने जिला प्रमुख की कुर्सी बचाने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है।

भरतपुर में सेवर, रूपवास और उच्चैन में मतदान

भरतपुर जिले में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत सेवर, रूपवास और उच्चैन पंचायत समितियों में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस चरण में कुल 3 लाख 9 हजार 427 मतदाता वोट डालेंगे। इसके लिए 344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिला परिषद के 12 वार्डों यानी वार्ड संख्या 20 से 31 तक मतदान हो रहा है। वहीं, पंचायत समिति सदस्य के 61 वार्डों में भी चुनाव कराया जा रहा है। क्षेत्रवार मतदान केंद्रों की बात करें तो रूपवास में 150, उच्चैन में 79 और सेवर में 115 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। रूपवास में 1 लाख 24 हजार 858, उच्चैन में 70 हजार 662 और सेवर में 1 लाख 13 हजार 907 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image