जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जयपुर जिले में वार्डों के वर्गवार आरक्षण और महिला आरक्षण की प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 को लॉटरी के जरिए पूरी की जाएगी। इसके तहत नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के आरक्षण का निर्धारण सुबह 10 बजे किया जाएगा। वहीं नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के वार्डों के लिए लॉटरी प्रक्रिया सुबह 11 बजे शुरू होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक के आदेश के अनुसार नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों के वर्गवार और महिला आरक्षण का निर्धारण राजस्थान नगर पालिका निर्वाचन अधिनियम, 2009 एवं संबंधित निर्वाचन नियमों के प्रावधानों के तहत किया जाएगा। यह प्रक्रिया जयपुर कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न होगी।
नगर परिषद और नगर पालिकाओं के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी भी इसी स्थान पर सुबह 11 बजे से शुरू होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले नगर पालिका जोबनेर के 20 वार्डों का आरक्षण तय किया जाएगा। इसके बाद बगरू के 35, वाटिका के 25 और चाकसू के 35 वार्डों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी।
इसी क्रम में नगर परिषद चौमूं के 45 वार्ड, कालाडेरा के 20, जमवारामगढ़ के 35, दूदू के 25, फागी के 20 और फुलेरा के 25 वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया जाएगा। इसके बाद सांभर के 25, किशनगढ़ रेनवाल के 35, नारायणा के 25, बस्सी के 35 और कानोता के 20 वार्डों की लॉटरी होगी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में नगर परिषद शाहपुरा के 55 वार्ड, मनोहरपुर के 35 और खेजरोली के 25 वार्डों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
लॉटरी के माध्यम से होने वाले आरक्षण निर्धारण के बाद संबंधित नगरीय निकायों में चुनावी तस्वीर और संभावित दावेदारों की स्थिति काफी हद तक स्पष्ट होने की उम्मीद है। वार्डों के वर्गवार आरक्षण के साथ महिला आरक्षण का निर्धारण भी चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



