Friday, August 14, 2026
HomeIndiaसादुलशहर में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बोले- तिरंगा...

सादुलशहर में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बोले- तिरंगा हमारे दिलों में बसता है

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले सादुलशहर में तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया और राष्ट्रध्वज को राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से देशभक्ति मजबूत होने की बात कही। राजस्थान के तिरंगे से ऐतिहासिक जुड़ाव का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने चूनावढ़ में मिल्क चिलिंग प्लांट की घोषणा और उप जिला चिकित्सालय भवन का शिलान्यास किया।

जयपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार को सादुलशहर में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल हुए। हाथ में तिरंगा थामे मुख्यमंत्री ने अंबेडकर सर्किल से अरूट चैक तक यात्रा में भाग लिया। इस दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में रंगे माहौल ने लोगों में उत्साह का संचार किया। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा से पहले आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में तिरंगा यात्राओं में उमड़ रहा उत्साह यह दर्शाता है कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय की भावनाओं और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के स्वतंत्रता संघर्ष और उसकी गौरवशाली विरासत की याद दिलाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों से युवाओं और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत हो रही है।

इससे राष्ट्र सेवा और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने की भावना को भी बल मिल रहा है। उन्होंने राजस्थान और तिरंगे के ऐतिहासिक संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत में फहराए गए पहले तिरंगे के निर्माण में राजस्थान की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दौसा जिले के आलूदा गांव के बुनकरों ने इसके लिए खादी का कपड़ा तैयार किया था, जबकि गोविंदगढ़ में इसे रंग देकर तिरंगे का स्वरूप दिया गया था। भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब व्यापक जनभागीदारी वाला अभियान बन चुका है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष का अभियान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने की भावना से भी जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका दिवस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी ने लाखों लोगों को प्रभावित किया और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन पर इसका गहरा असर पड़ा। इस इतिहास को याद करना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सादुलशहर क्षेत्र के चूनावढ़ में मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने सादुलशहर में राजकीय उप जिला चिकित्सालय के नए भवन का शिलान्यास भी किया।

तिरंगा यात्रा में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विधायक गुरवीर सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image