Friday, August 14, 2026
HomeIndiaस्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, बोले-...

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, बोले- राष्ट्रहित को रखें सर्वोपरि

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्थानवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और देशभक्तों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर है। यह पर्व देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राजस्थान भी ‘विकसित राजस्थान-समृद्ध राजस्थान’ के संकल्प के साथ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण तथा गरीब और वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।

शर्मा ने विश्वास जताया कि राजस्थान के लोगों की एकजुटता, मेहनत और संकल्प शक्ति प्रदेश को विकास के नए मुकाम तक पहुंचाएगी तथा विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में राज्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बीकानेर में राज्य स्तरीय समारोह में करेंगे ध्वजारोहण

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। वे सुबह 9:05 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और समारोह में प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह 8:30 बजे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में झंडारोहण करेंगे। इसके बाद 8:55 बजे शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित करेंगे।

मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद विकसित राजस्थान 2047’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर में वे नाल एयरपोर्ट से जयपुर के लिए रवाना होंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image