Wednesday, November 4, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में 2960 किलो सूजी-मैदा सीज, तिजारा में 425 किलो कलाकंद नष्ट

जयपुर में 2960 किलो सूजी-मैदा सीज, तिजारा में 425 किलो कलाकंद नष्ट

जयपुर। राजस्थान में त्योहारी सीजन के बीच मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जयपुर में 2960 किलो सूजी, मैदा और बेसन सीज किया गया। वहीं, खैरथल-तिजारा जिले में 425 किलो दूषित कलाकंद, 150 किलो खराब दूध और 50 किलो फफूंद लगी क्रीम को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कई नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।

जयपुर में चार प्रतिष्ठानों की जांच, 2960 किलो खाद्य सामग्री सीज

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने जयपुर में एक ही दिन में चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 7 नमूने लिए गए और करीब 2960 किलो सूजी, मैदा और बेसन सीज किया गया। इसके अलावा 25 किलो अखाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई। टीम ने सरना डूंगर औद्योगिक क्षेत्र में एक फर्म के लाइसेंस में दर्ज पते पर जांच की, लेकिन वहां प्रतिष्ठान बंद मिला। फोन पर जानकारी करने पर पता चला कि फर्म ने करीब 6 महीने पहले विभाग को सूचना दिए बिना अपना कारोबार दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया था। इसके बाद टीम ने VKI स्थित फर्म की दूसरी इकाई का निरीक्षण किया। यह इकाई खाद्य लाइसेंस में दर्ज नहीं थी। जांच के दौरान साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। टीम ने मौके से करीब 2960 किलो सूजी, मैदा और बेसन सीज कर खाद्य पदार्थों के 3 नमूने लिए।

बेकरी और मिठाई दुकानों से भी लिए सैंपल

खाद्य सुरक्षा दल ने एक बेकरी की निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यहां भी साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों में कमियां मिलीं। टीम ने नानखटाई बिस्किट और सुमन गोल्ड ब्रांड वनस्पति के नमूने जांच के लिए लिए। इसके अलावा गोपालपुरा स्थित एक स्वीट्स शॉप और सहकार मार्ग के मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से मावा मिठाई के एक-एक नमूने लिए गए। स्वीट्स शॉप से करीब 25 किलो अखाद्य सामग्री भी नष्ट करवाई गई।

तिजारा में कलाकंद में मिली मरी हुई मक्खियां और फफूंद

खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई। नोडल अधिकारी हेमंत यादव के अनुसार, बूढ़ी बावल मुख्य बाजार स्थित एक फर्म और गोदाम का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गोदाम में तैयार किए जा रहे कलाकंद में मरी हुई मक्खियां और फफूंद मिली। इसके अलावा करीब 50 किलो क्रीम में फफूंद पाई गई, जबकि 150 किलो दूध खट्टा और दूषित अवस्था में मिला। टीम ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे। इसके साथ ही करीब 425 किलो कलाकंद, 150 किलो मिश्रित दूध और 50 किलो क्रीम को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

चार प्रतिष्ठानों को जारी होंगे सुधार नोटिस

जयपुर में जांच के दौरान चारों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियां मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत सुधार नोटिस जारी किए जाएंगे। प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, तिजारा में लिए गए नमूनों की लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image