Wednesday, November 4, 2026
HomeLatest News'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत जयपुर में BJP की पदयात्रा,...

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जयपुर में BJP की पदयात्रा, अश्विनी वैष्णव और CM भजनलाल उतरेंगे सड़कों पर

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में 5 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बड़ी राजनीतिक पदयात्रा होने जा रही है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित इस पदयात्रा में केंद्रीय रेल एवं सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ शामिल होंगे। पार्टी ने इस आयोजन में 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा इस अभियान के जरिए जनता तक अपनी बात पहुंचाने की तैयारी में है।

रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक निकलेगी पदयात्रा

जयपुर सांसद और कार्यक्रम संयोजक मंजू शर्मा के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला मैदान में जनसभा से होगी। इसमें केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। इसके बाद रामलीला मैदान से चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक करीब सवा किलोमीटर की सांकेतिक पदयात्रा निकाली जाएगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव पहली बार जयपुर में इस अभियान के तहत पैदल मार्च करेंगे।

SIR को लेकर कांग्रेस पर भाजपा का पलटवार

भाजपा सांसद मंजू शर्मा ने कांग्रेस पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि SIR पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने की प्रक्रिया है। भाजपा इसी मुद्दे पर देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है। जयपुर की पदयात्रा भी इसी अभियान का हिस्सा है।

10 हजार से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य

इस पदयात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और वार्ड प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बाजारों और व्यापार पर असर को लेकर भी चर्चा

दीपावली के त्योहार के दौरान जयपुर के परकोटे के बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में भाजपा की पदयात्रा को लेकर यातायात और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। गौरतलब है कि भाजपा ने दीपावली के खरीदारी सीजन में कांग्रेस की रैली को लेकर बाजारों और कारोबार पर असर पड़ने की चिंता जताई थी। अब खुद भाजपा का बड़ा आयोजन परकोटे के बाजारों के नजदीक होने जा रहा है। मंजू शर्मा के मुताबिक, व्यापारियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पदयात्रा का मार्ग सीमित रखा गया है। पार्टी की कोशिश है कि राजनीतिक कार्यक्रम के साथ बाजारों की व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image