Wednesday, November 4, 2026
HomeLatest Newsसांवरिया सेठ मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, चांदी के गहने लेकर फरार हुआ...

सांवरिया सेठ मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, चांदी के गहने लेकर फरार हुआ चोर

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडल में चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चोर ने पहले मंदिर में प्रवेश कर भगवान सांवरिया सेठ की परिक्रमा की, हाथ जोड़कर प्रार्थना की और धोक लगाई। इसके बाद भगवान के चांदी के आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

थाने से महज 50 फीट दूर मंदिर में चोरी

जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना मांडल कस्बे की मोहन कॉलोनी स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में हुई। हैरानी की बात यह है कि मंदिर मांडल पुलिस थाने से महज 50 फीट की दूरी पर स्थित है। बताया जा रहा है कि आरोपी दोपहर करीब 3:02 बजे मंदिर पहुंचा था। उसने पहले भगवान की परिक्रमा की, हाथ जोड़कर प्रार्थना की और धोक लगाई। इसके बाद मंदिर में रखे चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गया।

चांदी का मुकुट, बांसुरी और 10 कड़े चोरी

चोर भगवान सांवरिया सेठ का चांदी का मुकुट, बांसुरी, हाथों के 8 कड़े और पैरों के 2 कड़े लेकर फरार हो गया। चोरी किए गए चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

मंदिर में लगे CCTV कैमरों में आरोपी की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में आरोपी काली शर्ट और टोपी पहने नजर आ रहा है। वह पीठ पर बैग टांगकर मंदिर पहुंचा था और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वहां से निकल गया।

शाम को मंदिर पहुंचे पुजारी तो हुआ खुलासा

बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे पुजारी मंदिर पहुंचे तो भगवान के आभूषण गायब मिले। इसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई। घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश है और उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के साथ चोरी हुए आभूषण बरामद करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने मंदिर के CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image